लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित सासंग मध्य विद्यालय में शनिवार को मधुमक्खियों के हमले से 20 से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए। इस घटना में दो शिक्षक भी घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए चंदवा अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बच्चों में मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय के दूसरे तल्ले पर मधुमक्खियों का एक छत्ता था। शनिवार को बच्चे पौधों को पानी दे रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और बच्चों पर हमला कर दिया। इसके बाद, 20 से अधिक बच्चे मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए। इस दौरान, दो शिक्षक भी घायल हो गए। बच्चों ने किसी तरह स्कूल के कमरों में शरण ली, जिससे वे अपनी जान बचा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने भेजा एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एंबुलेंस भेजी, जिसके माध्यम से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चंदवा अस्पताल में डॉ. नीलिमा और डॉ. मनोज कुमार ने घायलों का इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी बच्चों का इलाज किया जा रहा है और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि, शेष बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।