Latehar (Jharkhand) : झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने कुख्यात अपराधी राहुल सिंह पर शिकंजा कसते हुए उसकी संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई की है। चंदवा थाना क्षेत्र के चेतर गांव स्थित राहुल सिंह के घर पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस की कार्रवाई
लातेहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार गौरव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि यह कुर्की चंदवा थाना में दर्ज कांड संख्या 232/23 के मामले में की गई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा अपराधी राहुल सिंह को पहले भी हाजिर होने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वह निर्धारित समय तक न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद न्यायालय के सख्त आदेश पर पुलिस को उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करनी पड़ी।
पुलिस ने चलाया कुर्की जब्ती अभियान
मंगलवार को चंदवा पुलिस की एक टीम चेतर गांव में अपराधी राहुल सिंह के घर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कुर्की जब्ती का अभियान चलाया। पुलिस ने घर में मौजूद चल और अचल संपत्ति को जब्त किया। एसपी कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी अपराधी राहुल सिंह न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके खिलाफ आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह कदम क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण लगाने और फरार अपराधियों को पकड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।