हिरणपुर (पाकुड़) : झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लिट्टीपाड़ा से झामुमो विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। हिरणपुर, पाकुड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मरांडी को माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा, “दिनेश मरांडी का भाजपा में हार्दिक स्वागत है। आप एक निडर और जुझारू नेता हैं, जिन्होंने जनहित के लिए खुलकर लड़ाई लड़ी। भाजपा में आपको पूरा सम्मान और मान्यता मिलेगी। धरती आबा की जयंती पर आपके आगमन का हम तहे दिल से स्वागत करते हैं।”
दिनेश मरांडी ने झामुमो पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा में शामिल होने के बाद दिनेश मरांडी ने झामुमो पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मेरे पिता स्वर्गीय साइमन मरांडी ने झामुमो को खून-पसीने से सींचा। लेकिन आज पार्टी बाहरी तत्वों का अड्डा बन गई है। मुझे बिना कारण लिट्टीपाड़ा सीट के टिकट से वंचित कर दिया गया।”
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि “हेमंत सोरेन झारखंड के नहीं, बल्कि बंगाल के पुरुलिया के निवासी हैं। पार्टी में दलालों का बोलबाला है। जनता को गुमराह और धमकाने का काम किया जा रहा है।”
मंडल मुर्मू भी भाजपा में हुए शामिल
रविवार को ही देवघर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर झामुमो नेता मंडल मुर्मू ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, और झारखंड भाजपा के संगठन प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने उनका स्वागत किया।
झामुमो से भाजपा और भाजपा से झामुमो में शह-मात का खेल
चुनावी माहौल में दल बदल का खेल जारी है। जहां एक ओर झामुमो के विधायक दिनेश मरांडी और मंडल मुर्मू भाजपा में शामिल हुए, वहीं भाजपा के पूर्व नेता लुईस मरांडी, लक्ष्मण टुडू, कुणाल षाड़ंगी, और गणेश महली झामुमो का हिस्सा बन गए हैं।
राजनीतिक समीकरणों में बदलाव
दिनेश मरांडी का भाजपा में शामिल होना झारखंड के राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे सकता है। भाजपा का कहना है कि उनकी पार्टी सभी जातियों और समुदायों को साथ लेकर चलती है, जबकि झामुमो पर जनहित को नजरअंदाज करने के आरोप लग रहे हैं।
Read Also- Dhanbad : धनबाद के कांग्रेस प्रत्याशी अजय दुबे पर राज सिन्हा ने ली चुटकी, पूछा-10 साल से कहां थे