लोहरदगा : लोहरदगा-रांची मुख्य पथ में जिले के कुडू थाना क्षेत्र के हाताटोली मोड़ के समीप शुक्रवार अपराह्न सड़क दुर्घटना में लोहरदगा उपायुक्त डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी प्रियंका वाघमारे और पुलिस का जवान तारकेश्वर विद्या घायल हो गए। दुर्घटना में घायल उपायुक्त की पत्नी और पुलिस के जवान को कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।
लोहरदगा उपायुक्त की पत्नी और पुलिस जवान घायल
दोनों के पैर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है। इस दुर्घटना में डीसी डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण का पुत्र सुरक्षित है। बताया जाता है कि लोहरदगा उपायुक्त डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी प्रियंका वाघमारे अपने पुत्र और पुलिस के जवान तारकेश्वर विद्या के साथ रांची से कार से लोहरदगा आ रही थी। इसी दौरान कुडू थाना क्षेत्र के हाताटोली मोड़ के समीप अचानक से उनकी कार के सामने तेज गति में एक टेंपो आ गया।
जिसे बचाने के चक्कर में उपायुक्त की पत्नी की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिससे कार में सवार उपायुक्त डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण की पत्नी प्रियंका वाघमारे और पुलिस का जवान तारकेश्वर विद्या घायल हो गए। वहीं डीसी का पुत्र बाल-बाल बच गया। घटना के बाद टेंपो चालक मौके से टेंपो लेकर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से डीसी की पत्नी और पुलिस के जवान को इलाज के लिए कुडू सीएचसी पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण, एसपी हरिश बिन जमां, एसडीओ अरविंद कुमार लाल, कुडू बीडीओ मनोरंजन कुमार, सीओ प्रवीण कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक मंटु कुमार, अनिल उरांव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक कई अन्य अधिकारी कुडू सीएचसी पहुंचे। इधर दुर्घटना में दोनों घायलों का चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स भेजा गया है।
रिम्स में दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। डीसी की पत्नी और पुलिस जवान के पैर और शरीर के अन्य हिस्से में चोट आने की बात कही जा रही है। हालांकि दोनों पूरी तरह से सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
READ ALSO : अल्युमिनियम फैक्ट्री में ब्लास्ट, दो मजदूरों को मौत