Home » Bihar News : महागठबंधन को मजबूत करने की कवायद, JMM और RLJP को साथ लाने में जुटे तेजस्वी

Bihar News : महागठबंधन को मजबूत करने की कवायद, JMM और RLJP को साथ लाने में जुटे तेजस्वी

by Rakesh Pandey
Bihar Assembly Elections
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

Patna (Bihar) : बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) नजदीक आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव महागठबंधन की ताकत बढ़ाने में जुट गए हैं। इसके तहत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) भी महागठबंधन का हिस्सा बन सकती हैं। इस बात के संकेत स्वयं तेजस्वी यादव ने दिए हैं।

धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद के मुद्दे पर साथ आने की इच्छा

पटना में पद्मभूषण रामविलास पासवान की जयंती समारोह में पहुंचे तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पशुपति कुमार पारस ने धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद के एजेंडे पर महागठबंधन में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने बताया, “हमने उनका प्रस्ताव महागठबंधन के सभी घटक दलों के समक्ष रख दिया है और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।”

Bihar Assembly Elections : हेमंत सोरेन से भी हुई सकारात्मक बातचीत

तेजस्वी यादव ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो नेता हेमंत सोरेन से भी इस विषय पर बातचीत की है। उन्होंने कहा, “शिबू सोरेन जी की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण मैं व्यक्तिगत रूप से रांची नहीं जा सका, लेकिन मेरी हेमंत सोरेन जी से फोन पर बात हुई है। उनकी भी महागठबंधन में आने की मंशा सकारात्मक है। हम जल्द ही इस पर भी कोई अंतिम निर्णय लेंगे।”

पहले से चल रही थीं अटकलें

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से पशुपति कुमार पारस के अलग होने के बाद से ही उनके महागठबंधन में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। इन अटकलों को तब और बल मिला जब जनवरी महीने में लालू प्रसाद यादव के दही-चूड़ा भोज पर पशुपति पारस उनके आवास पर पहुंचे थे। इसके बाद से ही पारस कई बार इशारों में महागठबंधन के साथ आने के संकेत दे चुके थे।

Bihar Assembly Elections : जेएमएम भी तालमेल की तैयारी में

वहीं, झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) भी बिहार की राजनीति में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी में है। जेएमएम के नेताओं ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अगर उनकी पार्टी महागठबंधन में शामिल नहीं होती है, तो वह बिहार में कम से कम एक दर्जन से ज्यादा सीटों पर अकेले अपने उम्मीदवार उतारने के लिए भी तैयार है।

आरजेडी और जेएमएम का पुराना है राजनीतिक नाता

बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान आरजेडी विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी और जेएमएम ने आरजेडी को छह सीटें दी थीं, जिनमें से चार सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। वर्तमान में आरजेडी विधायक संजय प्रसाद यादव हेमंत सोरेन की कैबिनेट में मंत्री भी हैं। ऐसे में जेएमएम के महागठबंधन में शामिल होने की संभावनाएं काफी प्रबल नजर आ रही हैं।

Read Also- झारखंड मुक्ति मोर्चा के महाधिवेशन में जुट रहे दिग्गज, कई प्रस्तावों पर होगी चर्चा

Related Articles