Sangli Gas Leak: महाराष्ट्र के सांगली जिले में केमिकल की एक कंपनी से गैस लीक की खबरें सामने आई है। गैस लीक की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे में नौ अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि हादसा कडेगांव तहसील में स्थित म्यांमार केमिकल कंपनी के फर्टिलाइजर प्लांट में हुआ है।
प्लांट के रिएक्टर में हुआ तेज विस्फोट
मामला 21 नवंबर को घटित हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अचानक से कंपनी के फर्टिलाइजर प्लांट के एक रिएक्टर में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के साथ ही रिएक्टर से धुंआ निकलने लगा। कडेगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संग्राम शेवाले ने बताया कि धमाके के बाद रिएक्टर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। जिसके कारण वहां काम कर रहे करीब 12 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो महिलाकर्मियों और एक सुरक्षा गार्ड को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य नौ लोग फिलहाल इलाजरत है।
5 की हालत नाजुक बनी है
एक अन्य अधिकारी के अनुसार, घायलों में से 7 लोगों को सह्याद्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 5 की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भरती कराया गया है। खबरों के अनुसार, मृतक महिलाओं की पहचान सुचिता उथले (50) और नीलम रेथरेकर के तौर पर हुई है। एक महिला सांगली जिले के येतगांव इलाके से थी औऱ दूसरी महिला सतारा जिले के मसूर इलाके की रहने वाली थी, दोनों ही मृतक महिलाएं म्यंमार केमिकल प्लांट में काम करती थी।
अमोनिया गैस होने का संदेह
सांगली जिले के पुलिस अधीक्षक संदीप घुगे ने कहा कि लीक हुई गैस के बारे में अभी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उसके अमोनिया गैस होने का अनुमान लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही हादसे की सही वजह का पता चल सकेगा।