जमशेदपुर : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये रंगदारी मांगने का मामला झारखंड के जमशेदपुर से जुड़ने के बाद महाराष्ट्र पुलिस जमशेदपुर पहुंच चुकी है। सूत्रों के अनुसार सोमवार को महाराष्ट्र पुलिस ने जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी भी की, पर पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा है। हालांकि जिले के एसएसपी किशोर कौशल ने इस बात से साफ इंकार किया है। एसएसपी ने बताया कि ऐसी कोई भी सूचना उन्हें नहीं है। सूत्र बताते हैं कि महाराष्ट्र पुलिस को धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पुलिस ने उक्त नंबर की जांच की। नंबर जमशेदपुर का था। महाराष्ट्र पुलिस ने जमशेदपुर के एसएसपी से संपर्क साधा और रविवार को जमशेदपुर पहुंची। सोमवार को महाराष्ट्र पुलिस ने छापेमारी शुरु की पर आरोपी का पता नहीं चल सका। आरोपी का मोबाइल बंद आ रहा है। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस शहर में ही मौजूद है।
बता दें कि मुंबई की ट्रैफिक पुलिस को वाट्सएप पर एक धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। इस धमकी भरे मेसेज में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये मांगे गए। इस मैसेज के माध्यम से जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सलमान के साथ चल रहे विवाद को सुलझाने का भी दावा किया गया था।
वहीं, मुंबई पुलिस से मिली सूचना के मुताबिक, संदेश भेजने वाला व्यक्ति लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी होने का दावा कर रहा है। इसके साथ ही इसमें कहा गया है कि संदेश को हल्के में मत लीजिए, अगर सलमान खान को जिंदा रहना है और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करनी है, तो 5 करोड़ रुपये देने होंगे। पैसे नहीं दिए गए, तो सलमान खान की स्थिति बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी।
मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केस
इस मामले को मुंबई पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए वर्ली थाना में केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संदेश भेजने के बाद आरोपित का फोन नंबर बंद आ रहा है। इस नई धमकी के बाद अभिनेता सलमान खान और उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Read Also- Delhi : सलमान खान को धमकी से फिर चर्चा में लॉरेंस बिश्नोई, जानें एक गैंगस्टर की कहानी