महाराष्ट्र। महाराष्ट्र में चल रहा पॉलिटिकल ड्रामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। महायुति गठबंधन के बीच होने वाली बैठक टाल दी गई है। दरअसल खबर है कि एकनाथ शिंदे बैठक के बीच अपने गांव चले गए है। दूसरी ओर शिवसेना के एक नेता का कहना है कि शिंदे केंद्रीय मंत्री नहीं बनेंगे।
महाराष्ट्र में सरकार गठन से पहले बयानबाजियों का दौर जारी है। शिवसेना के नेता संजय शिरसाट का बड़ा बयान आया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर पार्टी प्रमुख एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं, तो यह पद उनकी पार्टी में किसी और को दिया जाना चाहिए।
शिरसाट ने अटकलों पर लगाया विराम
इस दौरान शिरसाट ने उन अटकलों पर भी रोक लगा दी, जिसमें कहा जा रहा था कि यदि शिंदे मुख्यमंत्री नहीं बनते हैं तो उन्हें केंद्र में बड़ा पद दिया जा सकता है, जैसा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दिया गया। लेकिन अब शिरसाट का कहना है कि शिंदे केंद्रीय मंत्री के रूप में केंद्र सरकार का हिस्सा नहीं बनेंगे। शिरसाट ने आगे कहा कि शिंदे को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनना है या नहीं, इसका फैसला वो कल तक करेंगे।
महायुति गठबंधन की बैठक रद्द, शिंदे चले गए अपने गांव
इसी बीच यह भी जानकारी सामने आ रही है कि सरकार गठन के लिए होने वाली महायुति गठबंधन की बैठक रद्द हो गई है और एकनाथ शिंदे अपने गांव चले गए हैं। इस बैठक में सरकार गठन और कैबिनेट पोर्टफोलियो के बंटवारे को लेकर चर्चा होनी थी।
30 नवंबर तक लौटेंगे मुंबई
हालांकि शिंदे की ओर से स्पष्ट किया गया था कि उनकी ओर से सरकार गठन में कोई अड़चन नहीं है लेकिन अब अचानक से उनके गांव चले जाने से हलचल बढ़ गई है। खबर है कि शिंदे 30 नवंबर तक वापस मुंबई लौटेंगे।
खबर है कि महायुति सरकार में बीजेपी को 20, शिवसेना को 11-12 और एनसीपी को 10 मंत्री पद बांटे जा सकते है। सीएम के साथ-साथ डिप्टी सीएम की कुर्सी का भी फैसला होना है, जिस पर अब तक सस्पेंस बरकरार है।
महायुति गठबंधन के तीनों नेताओं के बीच ढाई घंटे तक चली चर्चा
गुरूवार की देर रात महायुति गठबंधन के तीनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा हुई। करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री के नाम से लेकर मंत्रिमंडल के बंटवारे तक पर चर्चा हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई बैठक में देवेंद्र फड़नवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार के अलावा बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा, एनसीपी के सांसद प्रफुल्ल पटेल और सुनीव तटकरे भी शामिल रहे। इस बैठक से पहले एकनाथ शिंदे और अमित शाह के बीच अकेले में आधे घंटे तक चर्चा चली। शाह के पहुंचने से पहले अजित पवार औऱ देवेंद्र फड़नवीस के बीच भी मीटिंग हुई।
मीटिंग से बाहर आकर शिंदे ने कहा था
बैठक से बाहर आते ही शिंदे ने बैठक के सकारात्मक होने की बात कही। आगे शिंदे ने बताया कि महायुति की एक और बैठक मुंबई में होगी और वहीं मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जाएगा।