चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना के खड़पोस की हाटटांडी बस्ती निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति (श्रीराम बिरुवा) की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया गया। अपराधियों ने उसकी बाइक को भी जला दिया है। पुलिस ने शनिवार को घटना की सूचना मिलने के बाद शव बरामद किया। श्रीराम बिरुवा झालमुड़ी बेचता था। शनिवार सुबह उसकी बाइक खड़पोस नाला के पास जली अवस्था में मिली। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मझगांव थाना की पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू और मझगांव के थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने जली बाइक के सामने से घसीटने का निशान देखा। बाइक से दो सौ फीट दूर श्रीराम बिरुवा का शव पत्ते से ढंका हुआ मिला।पुलिसिया जांच में पता चला कि श्रीराम घर में अकेले रहता था। उसका पूरा परिवार ओडिशा के जोड़ा में रहता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों ने श्रीराम बिरुवा की हत्या कर बाइक जला दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अभी तक किसी भी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इस घटना के बारे में कोई जानकारी है, तो वे पुलिस को सूचित करें। समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया। लेकिन संभावना है कि उसकी हत्या जमीन विवाद में की गई है। बहरहाल यह जांच का विषय है।
Read Also- Dumka Murder Case : चार लाशें, एक घर और कई सवाल, जानें किस जिले की है यह घटना

