Home » Mango Flyover Design Change : निर्माणाधीन मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में बड़ा बदलाव, टू लेन होगा पायल सिनेमा की ओर जाने वाला हिस्सा

Mango Flyover Design Change : निर्माणाधीन मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में बड़ा बदलाव, टू लेन होगा पायल सिनेमा की ओर जाने वाला हिस्सा

ट्रैफिक जाम से राहत के लिए विधायक सरयू राय की पहल, साकची से श्मशान घाट तक नए फ्लाईओवर के लिए सर्वे और डिजाइन का निर्देश

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : मानगो फ्लाईओवर को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। अब इसका डिजाइन बदला जाएगा, जिससे मानगो चौक से पायल सिनेमा तक जाने वाला हिस्सा एकतरफा नहीं बल्कि दोतरफा यानी टू लेन बनाया जाएगा। इससे न सिर्फ लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि ट्रैफिक जाम की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिल सकेगी।

यह निर्णय शुक्रवार की रात विधायक सरयू राय, फ्लाईओवर निर्माण कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के बीच बैठक में लिया गया। बैठक के बाद शनिवार सुबह तीनों ने क्षेत्र का दौरा किया और मौके पर जाकर बदलावों का अवलोकन किया।

विधायक सरयू राय ने बताया कि पहले फ्लाईओवर का यह हिस्सा केवल साकची की ओर से आने वाले वाहनों के लिए उतरने का रास्ता था। लेकिन अब इसे दोनों तरफ से आवागमन योग्य बनाया जाएगा। इसके लिए वन विभाग की जमीन लेने का प्रस्ताव दिया गया है, ताकि सड़क चौड़ी की जा सके।

पायल सिनेमा के पास जहां फ्लाईओवर खत्म होगा, वहां एक गोल चक्कर बनाने की योजना है, जिससे वाहन आसानी से यू टर्न ले सकें। इसके दोनों ओर सर्विस रोड बनेगा और फ्लाईओवर के नीचे का हिस्सा वाहन पार्किंग के लिए उपयोग में लाया जाएगा।

इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य व्यवसायियों और स्थानीय निवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्हें राहत देना है। विधायक सरयू राय ने बताया कि अब फ्लाईओवर के पायलिंग का रुका हुआ काम फिर से शुरू हो जाएगा, जो पिछले दो दिनों से रुका हुआ था। इसके साथ ही एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

हाथी घोड़ा मंदिर से भुंइयाडीह तक बनेगा नया फ्लाईओवर

साकची के हाथी घोड़ा मंदिर से भुईंयाडीह श्मशान घाट तक एक नया फ्लाईओवर बनाने के लिए सर्वे और डिजाइन का काम शुरू किया जाएगा। इस नए फ्लाईओवर के बनने से रांची, डोबो और सरायकेला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सीधे टाटा स्टील फैक्ट्री तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा। इससे टिमकेन गोलचक्कर पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और मानगो पुल पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी।

मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है और अपने अधीनस्थ इंजीनियरों को इसके डिजाइन का काम शुरू करने का निर्देश दिया है। विधायक सरयू राय ने कहा कि इन सभी निर्णयों से मानगो फ्लाईओवर अधिक उपयोगी बन सकेगा और ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।

Read also- Bhuiyandih litti Chouk Bridge : 38 मीटर और लंबा होगा भुइयांडीह लिट्टी चौक- भिलाई पहाड़ी ब्रिज

Related Articles