सेंट्रल डेस्क: कांग्रेस को शायद ही इस बात का अंदाजा होगा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को ऐसा झटका लग सकता है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मतीन अहमद ने कांग्रेस का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी को गले लगा लिया है। लगातार पांच बार विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने मतीन अहमद के इस कदम को कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
बेटे के साथ शामिल हुए मतीन, केजरीवाल ने गले लगाया
मतीन अहमद को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर मतीन के पुत्र जुबैर अहमद ने भी आप की सदस्यता ग्रहण की। अरविंद केजरीवाल ने मतीन को खुशी से गले लगाया और आगे के लिए शुभकामनाएं दी। इस सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री इमरान हुसैन सहित आप के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
केजरीवाल ने X पर पोस्ट कर किया स्वागत
मतीन अहमद के कांग्रेस छोड़ आप में शामिल होने की चर्चा सुबह से ही दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में हो रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मतीन का अपनी पार्टी में स्वागत किया है। एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होने कहा कि “यमुना पार क्षेत्र में चौधरी मतीन अहमद लंबे समय से जनता के बीच रहकर सेवा करते रहे है। चौधरी साहब का आप आदमी पार्टी परिवार में स्वागत है।”
एक बड़े मुस्लिम नेता की है पहचान
चौधरी साहब के नाम से पुकारे जाने वाले मतीन अहमद काफी वरिष्ठ नेता है। उन्हें एक बड़े मुस्लिम नेता के रूप में भी पहचाना जाता है। दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र के लोगों के बीच उनकी काफी अच्छी पकड़ है। वह 1993 से लेकर 2015 तक सीलमपुर से चुनाव जीत कर विधायक बनते रहे। साथ ही वह दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके है।
चुनाव फरवरी में, बढ़ता जा रहा “आप” का कुनबा
दिल्ली विधान सभा का चुनाव फरवरी, 2025 में होना है। चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच उठा-पटक हो रही है। फिलहाल आप का कुनबा बढ़ रहा है। वरिष्ठ कांग्रेसी मतीन अहमद से पूर्व भाजपा के दो नेता भी आप आदमी पार्टी में शामिल हो चुके है। 4 नवंबर को पूर्वी दिल्ली से भाजपा के वरिष्ठ नेता बीबी त्यागी ने भाजपा छोड़ आप की सदस्यता ग्रहण की थी। इससे पहले 31 अक्टूबर को दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और तीन बार के विधायक रहे ब्रह्म सिंह तंवर भी आप में शामिल हो गए थे। इन दोनों भाजपाइयों ने भी अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आप की सदस्यता ग्रहण की थी।