रांची : झारखंड में मानसून एक बार फिर अपनी चाल बदलता नजर आ रहा है। बीते दिन दोपहर 2:00 बजे के बाद मौसम में बदलाव देखा गया, जिसके बाद पूरे राज्य में समान रूप से बारिश हुई। खासकर शाम 4:00 बजे तक झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। हालांकि, अधिकांश जिलों में सामान्य वर्षा हुई, लेकिन चतरा जिले में 132 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहां तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और लोग चप्पल-जूते उतारकर चलते दिखाई दिए, जबकि कई स्कूटी तेज बहाव में बहती नजर आईं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान : दोपहर के बाद हल्की बारिश के आसार
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ झारखंड से होकर गुजर चुका है और अब बिहार के डिहरी ओन सोन की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है।
आज दोपहर 12:00 बजे के बाद राज्य भर में हल्की बारिश की संभावना है। दिन भर काले बादल, बीच-बीच में तेज धूप, फिर बूंदाबांदी और दोबारा धूप—इस तरह की स्थिति बनी रहेगी। मौसम की यह आंखमिचौली लोगों को भ्रमित कर सकती है।
20 जुलाई तक ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि झारखंड में यह अनिश्चित मानसूनी स्थिति 20 जुलाई तक जारी रह सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव इसका प्रमुख कारण है। यह स्थिति उन लोगों के लिए विशेष रूप से असहज है, जो टू-व्हीलर से बाहर काम करने जाते हैं। कभी धूप, कभी बारिश की स्थिति में लोग रेनकोट पहनते ही धूप में फंस जाते हैं और रेनकोट उतारते ही बारिश शुरू हो जाती है।