जमशेदपुर : मानगो में हर तरफ कचरा बजबजा रहा है। मानगो नगर निगम के अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। मानगो के नगर आयुक्त दीपांकर चौधरी ने रविवार को मानगो का निरीक्षण किया और कचरा उठाव पर जोर दिया। इसेक अलावा मानगो में जलापूर्ति का अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाने की बात कही है। इनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इनसे जुर्माना वसूला जाएगा और प्राथमिकी भी दर्ज होगी।
नगर आयुक्त दीपांकर चौधरी ने मानगो डिमना रोड, डिमना चौक, चेपा पुल जैसे प्रमुख इलाकों का भ्रमण किया, जहां उन्होंने निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त को वहीं ले जाया गया जहां साफ सफाई रहती है। जैसे मानगो चौक, डिमना चौक आदि। जबकि, मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड और न्यू पुरुलिया रोड के कई इलाकों में गंदगी का अंबार है। हालात इतने खराब हैं कि सड़क किनारे ही गंदगी फैली हुई है। मगर, यहां सफाई नहीं हो पा रही है। अगर किसी दिन यहां से कचरा उठाव होता भी है तो आधा कचरा उठाया जाता है। आधा कचरा वहीं पड़ा बदबू फैलाता रहता है।
निरीक्षण के दौरान, दीपांकर चौधरी ने खासकर घरों से कचरा संग्रहण, उसके परिवहन और निष्पादन की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही संग्रहित किया जाए और उसके बाद कचरे को ढक कर वाहनों में परिवहन किया जाए। इसके अलावा, उन्होंने यह सुनिश्चित करने की बात कही कि कचरे का निष्पादन तय किए गए स्थानों पर हो। साथ ही उन्होंने कचरे के फैलाव को रोकने के लिए कचरा संग्रहण की प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता जताई। उन्होंने यह भी कहा कि कचरा उठाव की प्रक्रिया को आवश्यकतानुसार दो बार किया जाए और डस्टबिन की संख्या को बढ़ाया जाए ताकि आसपास के इलाकों में कचरा न फैले।
राजस्व वसूली पर जोर
नगर आयुक्त दीपांकर चौधरी ने नगर निगम क्षेत्र में राजस्व संग्रहण को बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने अवैध पानी कनेक्शन वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया और जुर्माना के साथ प्राथमिकी दर्ज करने की बात की। इसके अलावा, उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान को गति देने का निर्देश दिया, खासकर उन दुकानदारों पर जो चौक चौराहों और सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाते हैं। उन्होंने सड़क पर घूमते पशुओं की रोकथाम के लिए भी निर्देश जारी किए और उन पशुपालकों पर कार्रवाई करने की बात कही जो सार्वजनिक स्थानों पर अपने पशुओं को छोड़ देते हैं। नगर आयुक्त के साथ इस निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद और सेनेटरी सुपरवाइजर भी मौजूद थे। इस दौरान अधिकारियों ने श्री चौधरी के निर्देशों को गंभीरता से लिया और नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
Read also Criminal Arrested: जमशेदपुर का तड़ीपार अपराधी सलमान घर से गिरफ्तार

