नागपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर नागपुर पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रेशम बाग स्थित मुख्यालय में संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर संघ प्रमुख मोहन भागवत भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी के नागपुर आगमन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और बाद में छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगे।
संघ मुख्यालय में पहली बार पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का संघ मुख्यालय का यह पहला दौरा है और यह संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर संघ के संस्थापकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि इस स्थान पर आकर वह अत्यधिक अभिभूत महसूस कर रहे हैं। इस यात्रा में उनके साथ राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी थे।
गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष का प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा गुड़ी पड़वा के दिन हुआ, जो हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक है। गुड़ी पाड़वा महाराष्ट्र और अन्य राज्य में हिंदू कैलेंडर के अनुसार नया साल मनाने का पर्व है। पीएम मोदी ने इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार और डॉ. गोलवलकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की, जो भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संगठन शक्ति के प्रबल समर्थक थे। यह दौरा संघ के लिए ऐतिहासिक महत्व का है क्योंकि पीएम मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जो अपने संवैधानिक पद पर रहते हुए संघ मुख्यालय का दौरा कर रहे हैं।
दीक्षाभूमि पर श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने रेशम बाग स्थित संघ मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद डॉ. बीआर आंबेडकर की दीक्षाभूमि भी पहुंचे। दीक्षाभूमि वह स्थान है जहां डॉ. आंबेडकर ने 1956 में अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपनाया था। इस मौके पर पीएम मोदी ने डॉ. आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। यह आयोजन भी विशेष रूप से महत्वपूर्ण था क्योंकि डॉ. आंबेडकर को भारतीय संविधान का निर्माता माना जाता है और उनकी शिक्षाएं समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का प्रेरक संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने संघ मुख्यालय में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद एक प्रेरक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने डॉ. हेडगेवार और डॉ. गोलवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि परम पूजनीय डॉ. हेडगेवार जी और पूज्य गुरुजी को शत् शत् नमन। उनकी स्मृतियों को संजोने, इस मंदिर में आकर अभिभूत हूं। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संगठन शक्ति के मूल्यों को समर्पित यह स्थान हमें राष्ट्र की सेवा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। संघ के इन दो मजबूत स्तंभों की यह स्थली देश की सेवा में समर्पित लाखों स्वयंसेवकों के लिए ऊर्जा का पुंज है। हमारे प्रयासों से मां भारती का गौरव सदा बढ़ता रहे।
‘RSS बन गया भारत का अक्षय वटवृक्ष…’,PM मोदी
पीएम ने कहा कि संघ का 100 साल पहले बोया गया पेड़ अब वटवृक्ष बन गया है। यह साधारण वटवृक्ष नहीं है और अब यह भारत का अक्षय वट वृक्ष बन चुका है जो भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को ऊर्जावान बना रहा है। राष्ट्र यज्ञ के इस पावन अनुष्ठान में मुझे आज यहां आने का सौभाग्य मिला। आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का ये दिन बहुत विशेष है। आज से नवरात्र का पवित्र पर्व शुरू हो रहा है। देश के अलग-अलग कोनों में आज गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरेह त्योहार भी मनाया जा रहा है।
वहीं, पीएम मोदी ने अपने अपने भाषण की शुरुआत मराठी में की। उन्होंने कहा कि आज से नवरात्री का पवित्र पर्व शुरू हो रहा है और मैं देशवासियों को इसकी बधाई देता हूं। इस दौरान मोदी माधव नेत्रालय भी गए। उन्होंने कहा कि एक ऐसा संस्थान है जो लाखों लोगों की सेवा अनेक वर्षे से कर रहा है। लोगो के जीवन मे रोशनी लाने का काम माधव नेत्रालय कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूज्य डॉ. साहब और पूज्य गुरुजी को श्रद्धांजिल अर्पित करने का सौभाग्य मिला।
इन बातों का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि लाल किले से मैंने सब के प्रयास की बात की थी। स्वास्थ्य की अच्छी सुविधा मिले, गरीब को अच्छा इलाज मिले, कोई भी इलाज से वंचित ना रहे और ये सरकार की नीति है। उन्होंने कहा कि आयुष्यमान भारत के कारण आज करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है।
Read Also- JBVNL News: 12 घंटे में ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो मिलेगा मुआवजा, ठोकना होगा दावा