रांची : रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर ‘नमो ई-लाइब्रेरी’ और साइबर कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया गया। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने बटन दबाकर इसकी शुरुआत की। यह लाइब्रेरी शोधार्थियों और युवाओं के लिए मददगार साबित होगी। जहां उन्हें न केवल किताबें, बल्कि तकनीकी और साइबर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलेंगी। राज्यपाल ने कहा कि यह लाइब्रेरी युवाओं, महिलाओं और शोधार्थियों के लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगी। उन्होंने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में किए गए योगदान की तारीफ की और इसे झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
पीएम के मंत्र पर किया काम
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘रिसर्च और इनोवेशन’ के मंत्र को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र की स्थापना की गई है। उनका कहना था कि भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने में टेक्नोलॉजी का अहम योगदान होगा। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह ई-लाइब्रेरी और साइबर कम्युनिटी सेंटर युवाओं को तकनीकी शिक्षा, साइबर सुरक्षा और अन्य क्षेत्रीय विशेषज्ञता प्रदान करेगा।
आनलाइन मिलेगा सब्सक्रिप्शन
इस लाइब्रेरी में दुनिया भर की किताबों का ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन उपलब्ध होगा। साथ ही साइबर सुरक्षा, एआई मिशन, ड्रोन तकनीक और क्वांटम मिशन जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इसमें हर माह परिचर्चा सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। जहां विभिन्न शैक्षिक और तकनीकी विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस लाइब्रेरी का संचालन साइबर पीस फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा और यह झारखंड में अपनी तरह का पहला केंद्र है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में रांची के विधायक सीपी सिंह, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, साइबर पीस फाउंडेशन के प्रमुख मेजर विनीत, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, भाजपा रांची जिला अध्यक्ष वरुण साहू और कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।