रांची : प्रदेश भाजपा ने रविवार को अपने स्थापना दिवस को बड़े धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री राम नवमी के साथ अपने-अपने घरों में पार्टी का ध्वज फहराया और पार्टी के सिद्धांतों व आदर्शों को मजबूती देने के लिए संकल्प लिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया एवं पार्टी के प्रेरणा पुरुष, डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा की 45 वर्षों की यात्रा में पार्टी ने अपने आदर्शों और सिद्धांतों को मजबूती से कायम रखा है। उन्होंने कहा भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित होकर लगातार काम कर रहे हैं। आज पार्टी अंत्योदय और आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर है। हम सभी भाजपा कार्यकर्ता अपने पंच निष्ठा के आधार पर लोकतंत्र की रक्षा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की मजबूती और संविधान की मर्यादाओं का पालन करते हुए आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

भारत का बढ़ा सम्मान
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय छवि और तिरंगे के सम्मान को लेकर भी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और यह प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में संभव हो सका है।प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि आज एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो रहा है। पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण के कारण ही मोदी सरकार को तीसरी बार जीतने में सफलता मिली है। भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों के कारण जनता में पार्टी के प्रति विश्वास और समर्थन लगातार बढ़ रहा है। आज भाजपा और एनडीए की सरकारें 20 प्रदेशों में जनता की सेवा कर रही हैं।
घरों पर फहराया पार्टी का ध्वज
इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी उपस्थित थे, जिन्होंने अपने-अपने घरों में भाजपा का ध्वज फहराया और पार्टी के स्थापना दिवस को बड़े धूमधाम से मनाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और अपनी निष्ठा को और मजबूत किया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा न केवल भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, बल्कि अपनी मूल विचारधारा और सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी लगातार मजबूत कर रही है।