नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद भारत ने सख्त और निर्णायक कदम उठाए हैं, जिससे पाकिस्तान की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। इसी क्रम में पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर फायरिंग कर उकसावे की कोशिश की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
एलओसी पर पूरी रात चली फायरिंग, सेना ने दिया करारा जवाब
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने बुधवार रात एलओसी के कई हिस्सों पर गोलीबारी की। यह फायरिंग सीमावर्ती इलाकों में देर रात तक जारी रही। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया और सीमा पर चौकसी और कड़ी कर दी है।
आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े फैसले, पाकिस्तान पर पड़ा असर
पहलगाम हमले के बाद भारत ने कई अहम और कठोर फैसले लिए हैं, जिनसे पाकिस्तान पर व्यापक असर पड़ा है:
सिंधु जल समझौता को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इससे पाकिस्तान को जल संसाधनों के प्रबंधन में बड़ी परेशानी हो सकती है।
अटारी बॉर्डर को बंद करने का निर्णय लिया गया है, जिससे व्यापारिक और नागरिक आवागमन बाधित हो गया है।
पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है, जिससे दोनों देशों के बीच आवाजाही पर असर पड़ेगा।
भारत ने पाकिस्तान के आधिकारिक एक्स (पूर्व Twitter) हैंडल को भी देश में बैन कर दिया है।
सेना प्रमुख का सीमावर्ती इलाकों का दौरा
इन हालातों के बीच भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जल्द ही जम्मू-कश्मीर का दौरा करने वाले हैं। वे उधमपुर और श्रीनगर जाकर सीमा की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों से चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की रणनीति और सख्त की जाएगी।
पाकिस्तान ने बंद किया एयरस्पेस, सीमा पर बढ़ाई सैन्य गतिविधियां
भारत के सख्त रुख के बाद पाकिस्तान ने भी प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने भारत के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है और सीमा पर अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस बीच भारतीय सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है और सीमाओं पर चौकसी और बढ़ा दी गई है।
कश्मीर में सर्च ऑपरेशन जारी, आतंकी नेटवर्क की तलाश
भारतीय सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षाबलों द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।
Read Also- Pahalgam Terror Attack: अब और नहीं! भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ दिखाई सख्ती, 5 बड़े ऐलान…