Palamu News : चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मुहल्ला स्थित निमियां अहरा में बुधवार को नहाने के दौरान डूबकर लापता हुए किशोर का शव गुरुवार सुबह 22 घंटे बाद बरामद किया गया। मृत किशोर की पहचान शाहपुर लालगंज निवासी फिरोज खान के बेटे 16 वर्षीय शाहिद उर्फ कारू खान के रूप में हुई है।
बुधवार सुबह 11 बजे शाहिद अपने छह दोस्तों के साथ निमियां अहरा में नहाने गया था, जहां नहाते समय वह गहराई में चला गया और अचानक गायब हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने अनुमान जताया था कि वह संभवतः मिट्टी में धंस गया हो। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
नगर निगम की मदद से जेसीबी बुलाकर आहार का पानी भी बहाया गया, लेकिन बुधवार देर रात तक किशोर का कुछ पता नहीं चल पाया। अंततः गुरुवार सुबह करीब 9 बजे शाहिद का शव अहरा में मिला। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा।
किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। शाहिद की मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसके पिता की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती। ऐसे में शाहिद की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड नंबर 31 की प्रथम पार्षद प्रमिला देवी मृतक के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक स्तर से आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए अहरा जैसे खुले जलस्रोतों के पास चेतावनी बोर्ड लगवाए जाएं और सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू किया जाए।