नई दिल्ली : इस साल की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में देश के नौ प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री में 23 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है। यह गिरावट ऊंची कीमतों और आर्थिक वृद्धि को लेकर बनी चिंता के कारण आई है। रियल एस्टेट डेटा विश्लेषण कंपनी प्रॉपइक्विटी के आंकड़ों के अनुसार, चालू तिमाही में घरों की बिक्री घटकर 1.06 लाख इकाई रहने का अनुमान है, जो पिछले साल की इसी अवधि में 1.36 लाख इकाई थी। आंकड़ों से साफ पता चलता है कि दिल्ली और बेंगलुरु में लोग तेजी से घर खरीद रहे हैं। यहां घरों की बिक्री में उछाल आया है। जबकि, इसके उलट चेन्नई, कोलकाता, मुंबई आदि इलाकों में घरों की बिक्री घटी है।
आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष के पहले तीन महीनों में घरों की बिक्री पिछले साल की समान तिमाही के 1,36,702 इकाई से घटकर 1,05,791 इकाई रहने का अनुमान है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु में बिक्री में वृद्धि देखी जा सकती है। प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और सीईओ समीर जसूजा ने कहा, ‘तीन साल की रिकॉर्ड आपूर्ति के बाद आवास बाजार में अब कुछ “करेक्शन” देखा जा रहा है, जिसके कारण बिक्री में गिरावट आई है’। इसके अलावा, तिमाही में आवासीय संपत्तियों की नई आपूर्ति में भी 34 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है।
आंकड़ों के अनुसार, बेंगलुरु में घरों की खरीद 10 प्रतिशत बढ़कर 18,508 इकाई रहने की उम्मीद है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी बिक्री में 10 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है। दूसरी ओर, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई, नवी मुंबई और पुणे में घरों की बिक्री में गिरावट आ रही है। जनवरी-मार्च, 2025 में बेंगलुरु में घरों की बिक्री 10 प्रतिशत बढ़ी है। यहां पहली तिमाही में यह बिक्री 18,508 इकाई रहने की संभावना है, जो एक साल पहले समान तिमाही में 16,768 इकाई थी। दिल्ली एनसीआर में भी बिक्री में 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यहां यह 10,235 इकाई से 11,221 इकाई होने की उम्मीद है।
हालांकि, चेन्नई में आवासीय संपत्तियों की बिक्री 4,962 इकाई से दो प्रतिशत घटी है। यहां यह 4,858 इकाई रहने का अनुमान है। हैदराबाद में बिक्री में 47 प्रतिशत की गिरावट देखी जा रही है। हैदराबाद में बिक्री 20,835 इकाई से घटकर 11,114 इकाई रहने का आकलन है। इसी तरह कोलकाता में भी घरों की बिक्री 5,882 इकाई की तुलना में 28 प्रतिशत घट गई है। यहां घरों की बिक्री 4,219 इकाई रहने वाली है। मुंबई में घरों की बिक्री 16,204 इकाई से 36 प्रतिशत घट गई है। यहां घरों की बिक्री 10,432 इकाई पर आने की बात कही जा रही है। नवी मुंबई में भी इसके 9,218 इकाई से सात प्रतिशत घटकर 8,551 इकाई रहने के इमकान हैं। पुणे में घरों की बिक्री 26,364 इकाई से 33 प्रतिशत घटकर 17,634 इकाई रहने की बात सामने आ रही है। ठाणे में घरों की बिक्री में 27 प्रतिशत की गिरावट आई है। यहां इसके 19,254 इकाई रहने का अनुमान है।
Read also Exclusive : तो कोल्हान में प्रीपेड मीटर लगने में लग जाएंगे 22 साल