Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां (Saraikela-Kharsawan) जिले के कांड्रा और चांडिल (Chandil) स्टेशनों के बीच पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत गिरफ्तार आरोपी जियारूल इस्लाम पुलिस को चकमा देकर ट्रेन (Train) से कूदकर फरार हो गया। 24 वर्षीय जियारूल को असम पुलिस (Assam Police) ने आंध्रप्रदेश (Andhra Pradesh) से गिरफ्तार किया था और उसे असम ले जाया जा रहा था। यात्रा के दौरान वह पुलिस को चकमा दिया और चलती ट्रेन से कूद गया।
जियारूल इस्लाम असम के सोनीतपूर जिले के कालाकुछी का रहने वाला है और उस पर पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर आरोप दर्ज हैं। असम में वारदात को अंजाम देने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए आंध्रप्रदेश भाग गया था। घटना की गहन जांच के बाद असम पुलिस ने आरोपी का पता आंध्रप्रदेश में लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे वहां से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने के बाद असम पुलिस उसे ट्रेन से वापस असम ले जा रही थी, लेकिन कांड्रा और चांडिल के बीच आरोपी पुलिस को चकमा देकर ट्रेन से कूद गया।
घटना के बाद से ही असम और सरायकेला-खरसावां पुलिस ने आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने जिले भर में तलाशी अभियान चलाते हुए आसपास के क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी कर दिया है। चांडिल थाना प्रभारी वरूण यादव ने बताया कि आरोपी हथकड़ी समेत फरार हुआ है।
पुलिस ने घटना स्थल के पास इलाके को घेर लिया है और संभावित छुपने के स्थानों पर छानबीन की जा रही है।जिला पुलिस ने आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक कर दी है और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।
इस घटना के बाद से लोगों में भी असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है और पुलिस की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। घटना से पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं और उच्चाधिकारियों ने घटना की जांच का आदेश भी दे दिया है।असम पुलिस के मुताबिक, जियारूल इस्लाम पहले भी कई बार पुलिस के रडार से बाहर होने में सफल रहा था। उसके खिलाफ असम के सोनीतपुर में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी लंबे समय से लंबित थी।
असम पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के बाद इसे एक बड़ी सफलता माना गया था, लेकिन ट्रेन से कूदकर फरार हो जाने से पुलिस की चुनौतियां बढ़ गई हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है और नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपी आगे न भाग सके।