दो साल से फरार था अपराधी, क्राइम ब्रांच ने चेन्नई से किया गिरफ्तार
नई दिल्ली: क्राइम ब्रांच ने लग्जरी कार चोरी करने वाले गिरोह के एक प्रमुख सदस्य और भगोड़ा घोषित अपराधी यश देसाई को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 30 वर्षीय यश देसाई, पुत्र प्रशांत देसाई, बेलगाम, कर्नाटक का रहने वाला है और पिछले दो साल से फरार था।
डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि यह मामला जनवरी 2023 में पश्चिम विहार पूर्व थाने में दर्ज टोयोटा फॉर्च्यूनर कार चोरी से संबंधित है। जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंपे गए इस मामले में पनवेल, महाराष्ट्र से कार बरामद हुई थी और गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। यश देसाई 2023 से फरार था और 2024 में उसे कोर्ट ने घोषित अपराधी घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई थी, जो लगातार टेक्निकल और मैनुअल सर्विलांस के आधार पर जानकारी जुटा रही थी। टीम को उसका लोकेशन चेन्नई मिला, जिसके बाद टीम ने निगरानी के जरिए यश देसाई को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यश ने खुलासा किया कि वह 2020 से चोरी की कारों का सौदा कर रहा था। वह दिल्ली से चोरी हुई लग्जरी कारों को दक्षिण भारत भेजने वाले गिरोह का हिस्सा था। 2023 में क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार किया था, तब 18 कारें बरामद हुई थीं। 2022 में कोल्हापुर पुलिस ने उसे पकड़ा था, तब 13 कारें बरामद हुई थीं। यश के खिलाफ दिल्ली के रानी बाग और कोल्हापुर के शिरोली थाने में मामले दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह बेलगाम के जंगल में छिपता था। पर चेन्नई में वह ट्रैक कर लिया गया।