हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच हजारीबाग पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 107 फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 जून की रात से 26 जून की सुबह 9:00 बजे तक चली, जिसमें पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की।
फरार अपराधियों की धरपकड़ में हजारीबाग पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में 107 फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई विभिन्न वारंट व कुर्की आदेशों के आधार पर की गई।
अभियान का उद्देश्य
-अपराधियों में भय का वातावरण बनाना
-आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बहाल करना
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि हजारीबाग पुलिस का यह अभियान अपराधियों में भय और आम जनता में विश्वास उत्पन्न करने की दिशा में एक ठोस प्रयास है। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हजारीबाग में हालिया आपराधिक घटनाएं बढ़ीं
पिछले कुछ दिनों में हजारीबाग जिले में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल है
हालिया घटनाएं
ज्वेलरी शॉप पर 7 राउंड फायरिंग – अपराधियों का पता नहीं
बड़कागांव में सड़क निर्माण वाहनों में आगजनी – 7 वाहन जलाए
लोहसिंघना थाना (ओकनी मोहल्ला) – घर में डकैती
केरेडारी थाना क्षेत्र – दो पशुपालकों को 6 अज्ञात अपराधियों ने गोली मारी, गंभीर रूप से घायल
इन सभी मामलों में पुलिस जांच जारी है, लेकिन अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।