Home » Prashaant Kishor : पटना में आज जनसुराज की पहली रैली, गांधी मैदान से PK खोलेंगे रणनीति का पिटारा

Prashaant Kishor : पटना में आज जनसुराज की पहली रैली, गांधी मैदान से PK खोलेंगे रणनीति का पिटारा

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार की सियासत में बड़ा उलटफेर करने की तैयारी में जुटे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) आज पटना के गांधी मैदान से अपनी पार्टी जनसुराज की पहली बड़ी रैली करने जा रहे हैं। इस रैली को ‘बिहार बदलाव रैली’ नाम दिया गया है और इसे 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले PK की सियासी ताकत के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

243 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान

प्रशांत किशोर पहले ही एलान कर चुके हैं कि उनकी पार्टी 243 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। वर्ष 2022 से वे लगातार बिहार के गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। ‘बिहार बदलाव रैली’ को इसी जन संवाद की परिणति माना जा रहा है, जहां वे अपनी आगामी रणनीति का खुलासा करेंगे।

गांधी मैदान तैयार, रैली दोपहर 2 बजे से देर शाम तक चलेगी

रैली का आयोजन दोपहर 2 बजे से किया गया है, जो 4 से 5 घंटे तक चलेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता एक-एक कर अपनी बात जनता के सामने रखेंगे और अंत में प्रशांत किशोर भाषण देंगे। रैली को लेकर पार्टी की कोर टीम ने देर रात तक मैदान में सभी तैयारियों की समीक्षा की।

रैली को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सभी गेट खुले रहेंगे

पटना जिला प्रशासन ने रैली के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गांधी मैदान के सभी गेट खुले रखे जाएंगे, ताकि भीड़ का नियंत्रण बेहतर तरीके से किया जा सके। जन सुराज की ओर से हर जिले से टीमों को भेजकर लोगों को पटना लाने की तैयारी की गई है।

10 लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा, पूरे पटना में जन सुराज के पोस्टर-बैनर

पार्टी नेताओं का दावा है कि इस रैली में 10 लाख से अधिक लोग जुटेंगे। राजधानी पटना में सैकड़ों की संख्या में बैनर, पोस्टर और झंडे लगाए गए हैं, जिसमें ‘फैसला यहीं होगा’ जैसे नारे प्रमुखता से दिख रहे हैं। गंगा किनारे स्थित सत्याग्रह आश्रम में बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।

12 जिलों में की गई उद्घोष यात्राएं, पंचायत स्तर तक फैला जनसंपर्क

रैली से पहले 12 जिलों में ‘उद्घोष यात्राएं’ निकाली गईं और पंचायत स्तर पर बैठकें कर लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की कोशिश की गई। पार्टी की रणनीति है कि जमीनी स्तर पर जन भागीदारी से एक मजबूत वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति का निर्माण किया जाए।

बिहार में नई सियासत की दस्तक!

प्रशांत किशोर की यह रैली बिहार की राजनीति में संभावित बदलाव की दस्तक मानी जा रही है। लंबे समय तक पर्दे के पीछे रहकर चुनावी रणनीति बनाने वाले PK अब खुद मैदान में उतर चुके हैं। जन सुराज की पहली रैली से यह स्पष्ट होगा कि जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता और समर्थन कितना मजबूत है।

Read Also- Purnia Blast : जोरदार धमाके से दहला कुरकुरे गोदाम और फिर…

Related Articles