रांची : झारखंड में कांग्रेस पार्टी को संगठित और मजबूत करने के लिए 26 से 30 मार्च तक महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। ये बैठकें पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही हैं। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श किया जाएगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारियों को इन बैठकों में विशेष कार्य सौंपे जाएंगे। जिसे आने वाले अगले 100 दिनों में जमीनी स्तर पर उतारा जाएगा। ये बातें रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कही।
प्रभारी ने जारी किया विस्तृत कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो को लिखे पत्र में इन बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम साझा किया गया। 26 मार्च को सुबह 10:30 बजे से 2 बजे तक जेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिवों के साथ बैठक होगी, जबकि दोपहर 3 से 6 बजे तक प्रदेश कांग्रेस सचिवों के साथ चर्चा की जाएगी। 27 मार्च को एससी, एसटी ओबीसी और अल्पसंख्यक विभाग के राज्य समिति सदस्यों से चर्चा होगी। इसके अलावा युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और इंटक के सदस्यों से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
28 मार्च को कांग्रेस के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ अहम बैठक आयोजित होगी। 29 मार्च को नागरिक समाज संगठनों के साथ दो चरणों में विचार-विमर्श किया जाएगा। 30 मार्च को पूर्व लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके कांग्रेस प्रत्याशियों से मुलाकात की जाएगी। उसके बाद मीडिया, सोशल मीडिया और कम्युनिकेशन विभाग के पदाधिकारियों से संवाद किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया से बातचीत होगी और शाम 5:30 बजे कांग्रेस कनेक्ट सेंटर, रांची का दौरा किया जाएगा।
नई रणनीति का तैयार होगा खाका
इन बैठकों के दौरान प्रदेश कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए जाएंगे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि झारखंड में पार्टी की उपस्थिति को फिर से मज़बूत करने के लिए जनसंवाद, मीडिया रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष ध्यान देना होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो ने बताया कि यह कार्यक्रम राज्य में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की रणनीति तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने मिशन के प्रति और अधिक प्रेरित किया जाएगा। इतना ही नहीं राज्य में कांग्रेस की पकड़ को पुनः मजबूत किया जाएगा।