देवरिया : 29 मार्च को ‘पूर्वांचल क्रांति दिवस’ मनाया जाएगा, जो देश की प्रथम क्रांति के नायक मंगल पांडेय की याद में आयोजित किया जाएगा। देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने ‘प्रोजेक्ट अमृत प्रयास’ के तहत इस कार्यक्रम की घोषणा की। यह दिन खास है क्योंकि इसी दिन मंगल पांडेय ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत करते हुए अंग्रेजों के खिलाफ पहली गोली चलाई थी।
कार्यक्रम के तहत, शाम 5 बजे अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी की प्रतिमा से मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो जीआईसी मैदान तक जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद त्रिपाठी ने जनता से अपील की है कि वे शाम को अपने घरों में दीपक जलाकर इस दिवस को उत्सव के रूप में मनाएं।
‘प्रोजेक्ट अमृत प्रयास’ के तहत देवरिया लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए एक नई रणनीति तैयार की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य जीडीपी में वृद्धि, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देवरिया को निवेशकों के लिए आकर्षक केंद्र बनाना है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
सांसद त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल को लेकर उन्होंने 2,000 से अधिक अनुभवी व्यक्तियों से सलाह ली है और देवरिया की जनता से रायशुमारी भी की है। उनका उद्देश्य देवरिया को समृद्ध और विकसित बनाना है, जिसके लिए वे लगातार काम कर रहे हैं।
Read Also: Gorakhpur News: होली पर 19 घंटे होगी पानी की सप्लाई, शोभायात्राओं में भी तैनात रहेंगे पानी के टैंकर