Home » ईडी समन पर सवाल अब बासी : हेमंत

ईडी समन पर सवाल अब बासी : हेमंत

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका :  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को दुमका एयरपोर्ट से पलामू रवाना होने के पूर्व यहां बातचीत के क्रम में कहा कि ईडी पर सवाल अब बासी हो चुका है। मुख्यमंत्री से जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी का समन भेजे जाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सपाट अंदाज में कहा कि देश में जहां भी गैर भाजपा शासित सरकारें हैं वहां केंद्र की सरकार क्या कर रही है यह किसी से छिपी हुई बात नहीं है। देश की जनता सबकुछ देख और समझ रही है। लोकतंत्र की क्या स्थिति है यह भी हर कोई देख व समझ रहा है। अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार के सबसे बड़े विरोधी हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि अब आप हमसे भी सवाल पूछेंगे कि आपको भी ईडी ने समन किया है तो इसका यही जवाब है कि यह सवाल अब बासी हो चुका है। वैसे भी जिन्होंने हमें सत्ता में बैठाया है हम उनके पास अपनी बातों को रखेंगे, आपके समक्ष चर्चा करने से कोई फायदा नहीं होने वाला है। लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समय आने पर सबकुछ तय हो जाएगा। कांग्रेस की नौ सीटों पर दावेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तमाम बातें आइएनडीआइए के फोरम पर होंगी। अगर कोई कुछ कहता है तो इसके कोई खास मायने-मतलब नहीं है। सभी दल चुनाव की तैयारी करते हैं और सबको करना भी चाहिए। आइएनडीआइए एकजुट है और मजबूती से लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा।

15 नवंबर होगा खास, एक दिन को मत काउंट करें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वैसे तो 15 नवंबर हर साल खास होता है लेकिन इस बार खास और जोरदार भी होगा। कहा कि उनकी सरकार चार साल से लगातार जनहित में काम कर रही है। कहा कि इस वर्ष तो पूरे सरकार ही खास रही है इस बार इसमें एक दिन को मत काउंट कीजिए। सरकार की कार्यप्रणाली को भी देखिए। हर एक कैबिनेट की बैठक अपने आप में दमदार रहा है। लोग सोचते रहे हैं कि इस बार के कैबिनेट में क्या बम फूटने वाला है। कहा कि 15 नवंबर की तैयारियां जोरदार तरीके से चल रही हैं।

दुमका में शीघ्र खुलेगा कामर्सियल फ्लाइट एकेडमी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दुमका में शीघ्र ही कामर्सियल फ्लाइट एकेडमी की स्थापना होगी। राज्य सरकार के स्तर से इसके लिए तमाम तैयारियां अंतिम चरण में है। चूंकि इसके लिए केंद्र की सिविल एविएशन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की भी भूमिका अहम है इसलिए थोड़ा विलंब हो रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार पत्राचार का दौर जारी है।

Related Articles