नई दिल्ली : देश के उत्तरी राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने इन राज्यों में भारी तबाही मचायी है। जल प्रलय के चपेट में देश की राजधानी दिल्ली भी आ गयी है। यहां से होकर गुजरने वाली यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे शहर पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए नदी के आस पास रहने वाले लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। जानकार बताते हैं कि 45 साल बाद यमुना नदी का जलस्तर 208 मीटर के पार पहुंचा है । इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि राजधानी किस संकट में है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आपात बैठक की। उन्होंने केंद्र से भी मदद मांगी है। गुरुवार को एलजी ने डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक बुलाई है। बैठक आज दोपहर 12 बजे एलजी सचिवालय में होगी। बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहेंगे। डीडीएमए ने इस बारे में जानकारी दी है।
जानिए कैसे बढ़ रहा यमुना का जल स्तर :
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार (12 जुलाई) को रात 11 बजे दिल्ली के पुराने रेलवे पुल के पास यमुना का जलस्तर 208.08 मीटर रिकॉर्ड किया गया लेकिन गुरुवार (13 जुलाई) की सुबह 8 बजे तक यह बढ़कर 208.30 मीटर पहुंच गया। जबकि इसके पहले 1978 में यमुना का जलस्तर 207.49 मीटर पहुंचा था। ऐसे में यमुना दिल्ली में इस समय सबसे अधिक विकराल रूप में हैं।
निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा :
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि दिल्ली में यमुना नदी के किनारे के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सैकड़ों लोग इससे प्रभावित हुए हैं। प्रशासन व एनडीआरएफ की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
शुक्रवार से मिलेगी राहत, घटेगा पानी :
मौसम विभाग की मानें तो धीरे-धीरे उत्तर भारत में मानसून कमजोर हो रहा है। जिसकी वजह से बारिश की रफ्तार धीमी हुई है। हथिनी कुंड बैराज से पिछले 24 घंटे में पानी छोड़ने की रफ्तार कम हुई है पिछले 24 घंटे में करीब 1.5 लाख क्यूबिक फीट प्रति सेकेंड (Cusec) की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार रात 9 बजे तक 3.50 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। इस लिहाज से दिल्ली में कल से जलस्तर घटना शुरू हो सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में यहां के लोगों को राहत मिलेगी।
Read Also : फ्रांस के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हुए PM मोदी, 14 जुलाई को बतौर मुख्य अतिथि France के बैस्टिल डे परेड में होंगे शामिल, जानिए इस दौरे में और क्या-क्या होगा