जमशेदपुर : कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में रविवार को स्वामी सहजानंद सरस्वती की 136वीं जयंती मनाई गई। स्वामी सहजानंद सरस्वती कल्याण संस्थान, कदमा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, सांसद बिद्युत बरण महतो, परशुराम समिति के अध्यक्ष कमल किशोर, राजकिशोर सिंह व ब्रह्मर्षि विकास मंच के अध्यक्ष विकास सिंह भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वामीजी की प्रतिमा पर अतिथियों द्वारा पुष्प, माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ, मेमेंटो प्रदान कर किया गया। स्वामी सहजानंद सरस्वती कल्याण संस्थान के अध्यक्ष दीपू सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि महासचिव जयकुमार ने संस्थान के कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी दी।
भोजपुरी गायक गोलू राजा व निशा पांडेय ने मचाया धमाल
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायक गोलू राजा व गायिका निशा पांडेय द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक लोकगीत सुनाकर उपस्थित लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया। मंच संचालन श्रीनिवास ने किया।
किसान-मजदूर के लिए आजीवन संघर्षरत रहे स्वामीजी
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामीजी के विचारों को अपने जीवन में अवश्य अपनाना चाहिए। स्वामीजी ने आजीवन किसान और मजदूरों के लिए आवाज उठाई। स्वामीजी भले ही भूमिहार जाति में जन्मे थे, लेकिन उनका कार्य और जीवन संघर्ष संपूर्ण राष्ट्र की भलाई और कल्याण के लिए समर्पित था। अतिथि वक्ता के रूप में अनिता शर्मा एवं अशोक चौधरी ने भी स्वामीजी के जीवन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश शुक्ला, अशोक, रविभूषण , संजीव, बंटी, गोपाल, बाबूलाल, राजेश सिंह, रविनंदन की सक्रिय भूमिका रही।