पटना: रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार को राजधानी पटना में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
श्रीराम की यह भव्य शोभा यात्रा डाकबंगला चौराहा पर श्री श्री रामनवमी शोभा यात्रा अभिनन्दन समिति द्वारा आयोजित की गई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोभा यात्रा का स्वागत करते हुए भगवान श्रीराम की आरती की। आयोजन समिति द्वारा उन्हें प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन शामिल हुए। लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया और सभी को रामनवमी की बधाई दी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद संजय कुमार झा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू, जदयू के प्रदेश महासचिव कमल नोपानी, बिहार राज्य नागरिक परिषद के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार, आयोजन समिति के सदस्यगण, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शोभा यात्रा में उपस्थित थे।
रामनवमी का यह आयोजन राजधानी पटना में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।