रांची : रविवार को रामनवमी के दिन राजधानी रांची राममय हो गई। एक-एक पल के साथ आस्था का उल्लास, उमंग और उत्साह का महौल दिखा। फिजा में जय श्री राम और जय हनुमान की गूंज। शोभायात्राओं में महावीरी झंडों के साथ युवाओं की तेज गति। राम धुन में राम भक्तों का मन मगन हो गया। रोम-रोम में राम। सांस-सांस में राम। भावना के हर प्रवाह में राम। जय श्रीराम के नारे से हर गली और चौराहा गूंज रहा था। मयार्दा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर शहर के कई स्थानों पर अस्था की झांकी प्रदर्शित की गई। सुबह से ही हनुमान मंदिरों में लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में पंडितों ने पूजा-अर्चना करवाकर ध्वजारोहण कराया। लोगों ने भक्तिभाव से श्रद्धा और शांतिपूर्वक रामनवमी का त्योहार मनाया।

अखाड़ों ने किया अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन

दोपहर बाद अलग-अलग इलाकों से अखाड़ा समिति के लोग अपनी टोली के साथ निकले। जयश्री राम के नाम पर झूमते-गाते सभी अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ते रहे। इस दौरान अस्त्र-शस्त्र का परिचालन भी युवा करते दिखे। कई बुजुर्ग भी इस दौरान अस्त्र चलाते दिखे। बच्चों में भी रामनवमी जुलूस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

स्वागत के लिए लगाए गए शिविर
पूरे शहर में जुलूस और झांकियों के स्वागत के लिए स्वागत शिविर लगाए गए थे। जहां पर जुलूस और अखाड़ों का स्वागत किया गया। चना, गुड़ और शर्बत भी उन्हें परोसा गया। वहीं घूमने वालों को भी स्वागत शिविरों में शर्बत व अन्य चीजें परोसी गई। हजारों की संख्या में लोग रामनवमी जुलूस देखने के लिए सड़कों पर निकल पड़े थे।
तपोवन मंदिर तक गई झांकी
अलबर्ट एक्का चौक से लेकर निवारणपुर तपोवन मंदिर तक लगातार जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे। झांकियां तो सड़कों पर नजर आई। लेकिन, अखाड़ा समितियां निवारण पुर मंदिर तक गई। राम जी की सवारी, मुझे चढ़ गया भगवा रंग जैसे भजनों पर लोग झूमते रहे। श्रद्धालु उत्साह के साथ नाचते-गाते शोभायात्रा में शामिल हो गए। शहर के हर कोने से शोभायात्रा मेन रोड पर पहुंचीं, और हर कोई अपने तरीके से रामनवमी की खुशियां मनाते देखा।

रूट डायवर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रामनवमी के दिन जुलूसों के मद्देनजर कई मुख्य सड़कों को बंद कर दिया गया था। दोपहर एक बजे के बाद से मेन रोड और अन्य प्रमुख सड़कों पर वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया। हालांकि एक लेन को चालू रखा गया था। कई प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई थी ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं जुलूस के दौरान आम लोगों को कोई समस्या उत्पन्न न हो। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस को तैनात किया गया था।
कोई भांज रहा था लाठी, तो कोई दिखा रहा था करतब
रामनवमी के अवसर पर निकाले गए जुलूस में कोई लाठी भांज रहा था तो कोई तलवारबाजी में व्यस्त था। इस बीच कुछ अखाड़ा के लोग करतब भी दिखा रहे थे। जुलूस में शामिल लोग भी उनका उत्साहवर्धन करते हुए जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। नाचते-गाते जुलूस के साथ लोग चल रहे थे।
तपोवन मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़
रामनवमी को लेकर तपोवन मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गई थीं। भक्तों के हाथों में महावीरी झंडा और राम का नाम जपते हुए पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। यहां की मान्यता है कि रामनवमी पर ध्वज पूजन से परिवार में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। इस अवसर पर श्रद्धालु अपने अस्त्र-शस्त्र की पूजा भी करते है।
रामदरबार की झांकी ने मोह लिया मन
अल्बर्ट एक्का चौक पर रामदरबार की झांकी ने सभी का मन मोह लिया। वहीं अन्य इलाकों से पहुंची झांकियों में हनुमान, राम मंदिर के अलावा आकर्षक झांकियां भी शामिल थी। जिसे देखने के लिए हर कोई ठहर गया। लोग अपने घरों से ही जुलूस व झांकियों का आनंद लेते दिखे।
Read Also- RAM NAVAMI 2025 : पटना महावीर मंदिर में रात 2 बजे से श्रद्धालुओं की भारी भीड़, 20,000 किलो नैवेद्यम प्रसाद का वितरण