धनबाद: अपने बारे में जानना ही संसार को जानना है। विश्व शांति के लिए हम सच्चे मार्ग पर चलें। आज पूरी दुनिया को भारत एकता समानता और सद्भाव के बारे में बता रहा है। यह कहना था आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर का। श्री श्री रविशंकर गुरुवार को धनबाद पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया था। यहां आने के बाद वे बाघमारा में बने रामराज मंदिर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाघमारा में बने रामराज मंदिर विश्व कल्याण की कामना कर रहा है। यह शांति का संदेश दे रहा है। चिटाही धाम में बने रामराज मंदिर के दर्शन के बाद यहां आयोजित समागम में उन्होंने जीवन जीने की कला की जानकारी दी।
सांसद ढुल्लू महतो के आवास पर हुआ भव्य स्वागत

रामराज मंदिर से पूर्व श्री श्री रविशंकर बाघमारा भाजपा के सांसद ढुल्लू महतो के आवास पहुंचे। यहां पहुंचने पर सांसद ढुल्लू महतो, उनके भाई विधायक शत्रुघ्न महतो और सांसद की पत्नी सावित्री देवी समेत अन्य लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सांसद आवास पहुंचते ही सांसद ढुल्लू महतो उनकी धर्मपत्नी सावित्री महतो उनके भाई विधायक शत्रुघ्न महतो ने श्री श्री के लिए फूल बिछाए। श्री श्री ने अपनी चिर-परिचित मुस्कान से सभी को आशीर्वाद दिया। श्री श्री रविशंकर ने रामराज मंदिर के लिए संसद ढुल्लू महतो की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बहुत ही सराहनीय पहल है।
बोले श्री श्री- झारखंड में शांति, हो रही प्रगति
इस दौरान मीडिया से बातचीत में श्री श्री रविशंकर ने कहा कि झारखंड में पहले की अपेक्षा ज्यादा शांति है। यह प्रदेश अब शांति की प्रगति पर अग्रसर हो रहा है जो काफी खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आधारभूत संरचनाओं का अब बेहतर विकास हो रहा है। यहां की सड़कें सुंदर बन रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने धनबाद के लोगों और झारखंड वासियों की खुशहाली की कामना की।
कुंभ दे रहा एकता और सद्भाव का प्रतीक
श्री श्री रविशंकर ने बताया कि वे हाल ही में प्रयाग महा कुंभ से लौटे हैं। यह महा कुंभ पूरी दुनिया को एकता, बंधुता और सद्भाव का संदेश दे रहा है। यह अनेकता में एकता का समागम है। कुंभ विश्व कल्याण का संदेश दे रहा है। पूरी दुनिया भर के लोग कुंभ पहुंच रहे हैं। यह अलौकिक और अद्भुत है। इसका अनुभव किया जा सकता है।