रांची : झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बेलदार मोहल्ले में शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच झड़प व गोलीबारी की घटना प्रकाश में आई है। गोलीबारी में तीन लोगों समेत कुछ अन्य के भी घायल होने की सूचना हैं। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
गोलीबारी में तीन लोग घायल
घटना के दौरान गोलीबारी में घायल हुए घायलों में इमरान, तबरेज, और नदीम शामिल हैं। घायल इमरान ने बताया कि जेल में बंद अपराधी अली के गुर्गों ने फायरिंग की है। इमरान के अनुसार, अली के गुर्गों ने पहले भी एक युवक के साथ मारपीट की थी, और मामला थाने तक भी पहुंचा था, लेकिन विवाद थमा नहीं। इसी विवाद के चलते शुक्रवार रात दोनों गुटों के बीच झड़प हुई, जिसके दौरान अली के लोगों ने फायरिंग कर दी।
इलाके में मची भगदड़
घटना रमजान के पवित्र महीने के कारण देर रात होने के बावजूद बेलदार मोहल्ले में काफी चहल-पहल थी। गोलीबारी के बाद इलाके में भगदड़ मच गई, जिससे और भी लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। घायलों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई, कई हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता, हटिया डीएसपी, डोरंडा थानेदार, चुटिया थानेदार, लोअर बाजार थानेदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे बेलदार मोहल्ले को घेर लिया और सख्ती से जांच शुरू की।
पुलिस ने गोलीबारी में संलिप्तता के शक में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को रात में ही हिरासत में लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इलाके में कैम्प कर रही है, ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा : सिटी एसपी
सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने कहा, “आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की गई है। गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक के सीने में गोली लगी है। सूचना के अनुसार, तीनों ही घायलों की स्थिति अब सुरक्षित है।” उन्होंने कड़े लहजे में कहा, “फायरिंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कटघरे में लाएगी।”
इलाके में कड़ी सुरक्षा
पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और गश्त तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के साथ-साथ प्रशासन ने भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं का पता लगाने के लिए स्थानीय लोगों और गवाहों से पूछताछ शुरू कर दी है।