रांची : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान गोली चलने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार देर रात की की है। घायल युवक की पहचान गुलशन पांडेय उर्फ मेडी के रूप में की गई है।
गोली की आवाज और अचानक हादसा
शादी समारोह में डांस के दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उसके बाद गुलशन पांडेय जमीन पर गिर गया। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि डांस करते समय अचानक यह हादसा हुआ, लेकिन किसी ने यह नहीं देखा कि गोली किसने चलाई। गोली सीधे गुलशन की पीठ में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में एक युवक घायल हुआ है, लेकिन अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद जांच शुरू की, लेकिन कोई भी हथियार बरामद नहीं हुआ है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गुलशन का डैम किनारे रहने वाले कुछ युवकों से विवाद था, जो इस घटना से जुड़ा हो सकता है।
गोली चलाने वाले की तलाश
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाले ने भीड़ का फायदा उठाकर गोली चलाई, जिससे किसी का भी ध्यान उस पर नहीं गया। गोली चलाने के बाद लोग घायल गुलशन को अस्पताल ले जाने में व्यस्त हो गए और इस बीच गोली चलाने वाला व्यक्ति वहां से भाग निकला। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र की तलाशी ले रही है।
जांच व सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद पुलिस मामले को लेकर गंभीर है और फायरिंग की वजहों की गहराई से जांच कर रही है। जल्द ही मामले में कोई बड़ा खुलासा हो सकता है, क्योंकि गुलशन का विवाद कुछ युवकों से था, जो इस घटना से जुड़ा हो सकता है।