RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर घर आकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सुबह में युवक ने केडीएच ग्राउंड के पास अपनी प्रेमिका को रोका। दोनों के बीच कुछ कहा-सुनी हुई। इसी दौरान युवक ने लड़की पर गोली चला दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने घटना के बाद एक वीडियो भी बनाया था, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने अभी वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना को अंजाम देने के बाद युवक मौके से फरार हो गया और सीधे अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद उसने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

