Home » RANCHI MUNICIPAL CORPORATION : रांची नगर निगम का अनोखा कारनामा, मेन रोड से हटाकर कर दिया गली में शिफ्ट

RANCHI MUNICIPAL CORPORATION : रांची नगर निगम का अनोखा कारनामा, मेन रोड से हटाकर कर दिया गली में शिफ्ट

by Yugal Kishor
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची नगर निगम शहर में अतिक्रमण मुक्त अभियान चला रहा है। हाईकोर्ट की फटकार के बाद सड़कों को जाम मुक्त बनाने का प्रयास भी जारी है। इसमें नगर निगम को ट्रैफिक पुलिस भी सहयोग कर रही है। लेकिन नगर निगम की टीम अनोखे कारनामे कर रही है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्य सड़कों से अतिक्रमण तो हटाया जा रहा है। लेकिन वेंडरों की दुकान को गलियों में शिफ्ट कर दिया जा रहा है। जिससे कि उस इलाके में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं लोगों को उसे रास्ते से अपनी गाड़ियां निकालने में भी काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इस मामले में पूछे जाने पर अधिकारियों ने भी चुप्पी साध रखी है।

निगम की टीम कर रही आईवॉश

रांची नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर राजधानी की सड़कों पर संयुक्त रूप से अतिक्रमण मुक्त अभियान चला रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर अवैध अतिक्रमण और अस्थायी संरचनाओं को हटाना है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा जा सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभियान के दौरान निगम की टीम को अवैध रूप से खड़े ठेले, स्टॉल, खोमचे, बास-बल्लियों और अन्य अस्थायी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जब्त करने का प्रावधान है। इसके साथ ही नो वेंडिंग जोन के तहत आ रही अवैध/अस्थायी संरचनाओं को भी ध्वस्त करना है। लेकिन निगम की टीम केवल आईवॉश करने में लगी है।

ये है अधिकारियों का दावा

रांची नगर निगम के अधिकारियों की माने तो यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि शहर में अतिक्रमण की समस्या को पूरी तरह से समाप्त किया जा सके। अधिकारियों ने यह भी कहा कि नागरिकों को सुरक्षित, साफ और व्यवस्थित सड़कें प्रदान करना निगम का मुख्य उद्देश्य है। इसके अलावा माइकिंग के माध्यम से सभी नागरिकों को सूचित किया जा रहा है कि वे अपनी अवैध संरचनाओं को हटा लें। अगर वे खुद से इसे नहीं हटाएंगे तो निगम इसे हटाएगा और सामान जब्त कर लिया जाएगा।

टीम में बढ़ी है अफसरों की संख्या

इनफोर्समेंट टीम में अफसरों की वापसी के बाद पूरे शहर में अभियान को तेज कर दिया गया है। अब निगम की इनफोर्समेंट टीम में 45 अफसर शामिल हैं, जिन्हें 4 जोन में तैनात किया गया है। ये अफसर सुबह से रात तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने इंफोर्समेंट टीम को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान को और भी तेज करने का निर्देश दिया है। अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत निगम की संपत्तियों पर अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी संबंधित जोन की टीम को सौंपी गई है। अभियान की शुरुआत से पहले इंफोर्समेंट टीम को प्रचार के माध्यम से इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र में देने का निर्देश दिया गया है और स्थानीय थाने को भी सूचित करने को कहा गया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करना है।

Related Articles