RANCHI: शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने पिस्का मोड़ से पंडरा तक मेन रोड क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। पिस्का मोड़ से पंडरा मार्ग के बीच नालियों के ऊपर निर्मित अवैध संरचनाओं और मुख्य मार्गों पर किए गए विस्तार को हटाया गया। इस दौरान तीन व्यावसायिक भवनों द्वारा पार्किंग और गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण कर सामान रखने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान एक काउंटर भी जब्त किया गया।

वहीं मेन रोड, सुजाता चौक और परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर यह अभियान ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में चलाया गया। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को जब्त किया गया और अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
सफाई मित्रों के आंखों की हुई जांच
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची नगर निगम द्वारा सफाईमित्रों और निगम कर्मियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बकरी बाजार स्थित नगर निगम के भंडारगृह परिसर में संपन्न हुआ। जहां पर 975 सफाईमित्रों और कर्मियों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। जांच में 105 कर्मियों में मोतियाबिंद और 213 सफाईमित्रों में दृष्टि दोष पाया गया। यह शिविर सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ आनंद शेखर झा की देखरेख में लगाया गया। जिसमें रिम्स के प्रोफेसर डॉ राहुल प्रसाद सहित विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम उपस्थित रही।


