RANCHI (JHARKHAND): राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर को सजाने-संवारने दिशा में नगर विकास विभाग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की निगरानी में काम कर रहा है। उनके निर्देश पर पथ निर्माण विभाग द्वारा राजधानी के विभिन्न हिस्सों में वन वे फोर लेन फ्लाईओवर निर्माण की योजना तैयार की गई है। इन योजनाओं का प्रेजेंटेशन विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार के समक्ष दिया गया। वहीं शहर में नदियों के किनारे वन वे फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर डीपीआर बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
3 किलोमीटर लंबा हरमू फ्लाईओवर
हरमू फ्लाईओवर (कार्तिक उरांव चौक से एलपीएन शाहदेव चौक) की लंबाई लगभग 3 किलोमीटर होगी। यह वन वे फ्लाईओवर दोनों ओर 8.5 मीटर चौड़ा होगा। एलपीएन चौक से फ्लाईओवर पर चढ़ने की सुविधा रहेगी। नीचे की सड़क पर सभी केबल व टेलीफोन तार अंडरग्राउंड रहेंगे, साथ ही यूटिलिटी डक्ट, ड्रेन व फुटपाथ का निर्माण भी होगा।
अरगोड़ा-कटहल मोड़-चापू टोली फ्लाईओवर की लंबाई 1.75 किमी होगी। सड़क की चौड़ाई 10 मीटर जबकि नीचे की सड़क को 7 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। वहीं करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर, जिसकी लंबाई 2.2 किमी और चौड़ाई 10 मीटर होगी। जिसे मोरहाबादी होते हुए रिंग रोड तक फोर लेन सड़क से जोड़ा जाएगा।
स्वर्णरेखा किनारे भी फ्लाईओवर का निर्माण
स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारों पर लगभग 8 किमी लंबा वन वे फ्लाईओवर बनेगा, जो हिनू ढलान से शुरू होकर डीपीएस के पीछे जगन्नाथपुर मंदिर और रिंग रोड से जुड़ेगा। इसके अंतर्गत रेलवे लाइन पर आरओबी भी बनेगा।
हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू तक 2.2 किमी लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनेगा, जिससे कडरू और अशोक नगर क्षेत्र को यातायात जाम से राहत मिलेगी। फ्लाईओवर के दोनों ओर सौंदर्यीकरण और प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। प्रेजेंटेशन में एफएसडी के अभियंता विजय रंजन कुमार, मनोज चौधरी, आकाश कुमार बादल एवं डिजाइन कंसल्टेंट के निदेशक सुधीर कुमार उपस्थित थे।