रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भाजपा राज्यभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में विकसित भारत का अमृतकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, सोशल मीडिया प्रमुख सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
वैश्विक मंच पर देश की साख बढ़ी
प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को आत्मनिर्भर और स्वाभिमानी बनाने का जो संकल्प लिया था, उस पर वह लगातार खरा उतर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और वैश्विक मंच पर देश की साख लगातार बढ़ रही है। वहीं, हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और लूट में लिप्त है और पूरी तरह से विकास विरोधी है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने 5 जून से 30 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान पर्यावरण दिवस, संकल्प सभा, चौपाल, योग दिवस, बलिदान दिवस, लोकतंत्र हत्या दिवस, मन की बात और हूल दिवस जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 24 जून को राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ सभी 264 प्रखंडों में भाजपा जोरदार प्रदर्शन करेगी।
जनता के सामने रखते है लेखा-जोखा
कार्यक्रम संयोजक आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार हर साल अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने पेश करती है, और यह अभियान उसी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से सीधे संवाद कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाएंगे। कार्यशाला में कई वरिष्ठ नेताओं और जिला संयोजकों ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।