RANCHI (JHARKHAND): झारखंड कांग्रेस में इन दिनों संगठन सृजन का दौर चल रहा है। इसी क्रम में मांडर विधानसभा क्षेत्र के नगड़ी में कांग्रेस की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इस बैठक में पीसीसी डेलीगेट्स, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंच-मोर्चा प्रमुख और पंचायत अध्यक्ष शामिल हुए।
नए पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेवारी
बैठक का उद्देश्य पार्टी संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करना और नए पदाधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपना था। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं को सम्मानित किया गया और उन्हें विभागवार नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मांडर क्षेत्र में पंचायत स्तर पर मंच, मोर्चा और सेवा दल का गठन लगभग पूरा हो चुका है।
संगठन की मजबूती जरूरी
बंधु तिर्की ने कहा कि अगर विपक्षी दलों को राजनीति के मैदान में पटखनी देनी है, तो संगठन की मजबूती जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा समाज के सभी वर्गों को संगठन में प्रतिनिधित्व दिया है और महिलाओं को भी उचित स्थान मिला है। संगठन में जो कार्यकर्ता ईमानदारी से काम करेगा, वहीं आगे बढ़ेगा, बाकी पीछे छूट जाएंगे। उन्होंने बीजेपी पर संविधान कमजोर करने और समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ा रहे हैं।
संगठन और सरकार की निभा रही जिम्मेदारी
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्हें चुनाव में जीत मिली और मंत्री बनने का मौका मिला। अब वह संगठन और सरकार दोनों की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने मांडर के समग्र विकास का वादा किया और कहा कि सड़क, तालाब, सरना-मसना जैसे स्थानीय मुद्दों पर सरकार तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने सरना धर्म कोड का मुद्दा भी उठाया और केंद्र सरकार की नीयत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 2016 के बाद जातिगत जनगणना से सातवां कॉलम हटाया जाना गलत है और इसे हर हाल में वापस लाना चाहिए। उन्होंने आरएसएस पर संविधान की गलत व्याख्या करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से झूठ और प्रपंच के खिलाफ खुलकर बोलने की अपील की।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर मांडर प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, चान्हो से मोहम्मद इश्तियाक, बेड़ो से करमा उरांव, लापुंग से जयंत बारला, इटकी से रमेश महली और अन्य वरिष्ठ नेता व पंचायत स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कांग्रेस की आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई।