रांची: सिरम टोली स्थित कार्तिक उरांव फ्लाईओवर के उद्घाटन को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा फ्लाइओवर का उद्घाटन किए जाने पर भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों का जवाब देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर का उद्घाटन गुपचुप नहीं, बल्कि सार्वजनिक रूप से किया गया। उन्होंने कहा कि गुपचुप तरीके से काम करना भाजपा की आदत है, जैसा उन्होंने सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन के प्रयास में किया था। उन्होंने भाजपा पर आदिवासी समुदाय के साथ छल-कपट की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि आदिवासियों की भावनाओं का सम्मान करना महागठबंधन सरकार की प्राथमिकता है।
भाजपा को नहीं पच रहा निर्णय
सोनाल शांति ने कहा कि फ्लाईओवर को बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर समर्पित करना आदिवासी अस्मिता का सम्मान है, जिसे भाजपा पचा नहीं पा रही है। उन्होंने बाबूलाल मरांडी से सवाल किया कि वे आदिवासी नेता होते हुए भी बाबा कार्तिक उरांव का नाम लेने से परहेज क्यों कर रहे हैं? उन्होंने भाजपा शासनकाल में आदिवासियों पर हुए अत्याचारों की याद दिलाते हुए 2001 के तपकरा गोलीकांड और रघुवर दास के शासन में पत्थलगड़ी आंदोलन के दौरान 10,000 आदिवासियों पर मुकदमे दर्ज किए जाने की घटनाओं का जिक्र किया।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि महागठबंधन सरकार सरना धर्म कोड की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने के लिए संघर्ष कर रही है और भाजपा को चाहिए कि वह इसे अटकाने के बजाय समर्थन करे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय भाजपा के असली चरित्र को पहचान चुका है और अब उसकी भड़काऊ राजनीति का असर नहीं हो रहा।