Home » RANCHI RAILWAY STATION: ईको फ्रेंडली जंक्शन के रूप में डेवलप किया जा रहा रांची रेलवे स्टेशन, जानें क्या है पूरा प्लान

RANCHI RAILWAY STATION: ईको फ्रेंडली जंक्शन के रूप में डेवलप किया जा रहा रांची रेलवे स्टेशन, जानें क्या है पूरा प्लान

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

VIVEK SHARMA

रांची: साउथ ईस्टर्न रेलवे के रांची डिविजन में वैसे तो कई काम हो रहे हैं। लेकिन, रांची जंक्शन को ईको फ्रेंडली स्टेशन के रूप में डेवलप किया जा रहा है। जहां वेस्ट को कम करने पर फोकस है। इतना ही नहीं वेस्ट के री-साइक्लिंग और री-यूज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पर्यावरण को प्रदूषण के नुकसान से बचाया जा सके। राजधानी का प्रमुख रेलवे स्टेशन रांची जल्द ही देश के ईको फ्रेंडली जंक्शनों में शुमार होगा। रेलवे मंत्रालय द्वारा शुरू की गई वर्ल्ड क्लास स्टेशन डेवलपमेंट परियोजना के तहत रांची जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। साथ ही यह स्टेशन पर्यावरण के अनुकूल मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रदूषण को कम करने पर ध्यान

हर दिन 50 से अधिक ट्रेनों का संचालन संभालने वाले रांची जंक्शन पर अब सस्टेनेबिलिटी और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। स्टेशन परिसर में प्लास्टिक वेस्ट को री-साइकल और री-यूज करने की नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत स्टेशन पर इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक उत्पादों को री-साइक्लेबल बनाया जाएगा, ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके। प्लास्टिक की बॉटल जैसे वेस्ट के लिए स्टेशन पर ही मशीन लगाई गई है। 

बायोडिग्रेडेबल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा 

रांची डिविजन की सीनियर डीसीएम सुची सिंह का कहना है कि रेलवे स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में री-साइक्लिंग यूनिट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लगा रहा है। यात्रियों को जागरूक करने के लिए स्टेशन पर सूचना बोर्ड, डिजिटल डिस्प्ले और घोषणाओं के माध्यम से पर्यावरण के प्रति सजगता का संदेश दिया जा रहा है। इसके अलावा, बायोडिग्रेडेबल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया है। जिससे कि स्टेशन एरिया में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतः रोक लगाई जा सके। 

बनाया जा रहा ग्रीन जोन 

स्टेशन पर ग्रीन जोन का भी विकास किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएंगे और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था की जाएगी। स्टेशन भवन की डिजाइन भी ऊर्जा की बचत को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है, जिसमें एलईडी लाइटिंग, सोलर पैनल और एनर्जी बचाने वाली मशीनें लगाई जाएंगी। बता दें कि रांची जंक्शन को देश के 100 वर्ल्ड क्लास स्टेशनों की सूची में शामिल किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करना है। जिसमें स्वच्छता, सुरक्षा, डिजिटल सेवा, हरित तकनीक और यात्री सुविधा को प्राथमिकता दी जाती है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होते ही रांची जंक्शन न केवल यात्रियों के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक केंद्र बनेगा, बल्कि देशभर के रेलवे स्टेशनों के लिए एक आदर्श मॉडल भी प्रस्तुत करेगा।

स्टेशन के गेट नंबर 2 का काम तेज 

रांची स्टेशन के मेन गेट का डेवलपमेंट काम सेकंड फेज में चलेगा। फिलहाल गेट नंबर 2 के डेवलपमेंट का काम तेजी से चल रहा है। काम पूरा होने के बाद उसी गेट को ओपन कर दिया जाएगा। वहीं वर्तमान के मेन गेट के डेवलपमेंट पर ध्यान दिया जाएगा।

Related Articles