Home » Ranchi Road Accident : रांची सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौत

Ranchi Road Accident : रांची सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान की मौत

- ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा, परिवार में छाया मातम

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

तीनपहाड़ (साहिबगंज) : झारखंड की राजधानी रांची में हुए एक भीषण सड़क हादसे में सीआरपीएफ जवान संजीत कुमार सिंह (44) की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह ड्यूटी से लौटते समय अपनी दोपहिया वाहन से घर जा रहे थे।

तेज रफ्तार वाहन बना मौत की वजह

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। संजीत कुमार सिंह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे दूर जा गिरे और दूसरी तरफ से आ रही हाइवा की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

गांव में शोक की लहर, परिवार सदमे में

घटना की खबर मिलते ही धूलियार गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संजीत कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं।

सीआरपीएफ ने दी अंतिम सलामी, तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर

शनिवार को सीआरपीएफ इंस्पेक्टर किशोर आइनद अपने जवानों के साथ संजीत कुमार सिंह के पार्थिव शरीर को उनके गृह जिले साहिबगंज के धूलियार गांव लेकर पहुंचे। वहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और अंतिम विदाई में पूरे सम्मान के साथ उनकी पत्नी को तिरंगा झंडा सौंपा गया।

आरोपी वाहन चालक पर केस दर्ज

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान कर ली गई है, और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार

संजीत कुमार सिंह का अंतिम संस्कार साहिबगंज जिले के राजमहल स्थित गंगा घाट पर किया गया। इस दौरान उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।

कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार थे संजीत कुमार सिंह

संजीत कुमार सिंह न सिर्फ कर्तव्यनिष्ठ बल्कि मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और सीआरपीएफ में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles