Ranchi (Jharkhand) : रांची से एक दुखद खबर सामने आई है। अनगड़ा थाना क्षेत्र के सिकिदिरी इलाके में भूसूर जंगल मोड़ के पास शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
तेज रफ्तार का कहर
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे लोहे के बड़े पाइप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीन लोग बुरी तरह से सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक और पीछे बैठी 16 वर्षीय गीता कुमारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गीता कुमारी पिठोरिया थाना क्षेत्र के राढ़ा गांव की रहने वाली थी। बाइक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घायल किशोरी रिम्स रेफर
इस हादसे में घायल हुई दूसरी किशोरी का नाम रेखा मुंडा है, जिसकी उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है और वह भी गीता के ही गांव की रहने वाली है। घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रही 108 एम्बुलेंस ने तीनों पीड़ितों को अनगड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक और गीता को मृत घोषित कर दिया। घायल रेखा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल रांची स्थित रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) रेफर कर दिया गया है।
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और हादसे के बारे में जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों शुक्रवार शाम को पिठोरिया चौक जाने की बात कहकर घर से निकले थे और भूसूर स्थित एक गार्डन घूमने गए थे। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि हादसे के पीछे क्या वजह रही।