RANCHI (JHARKHAND): केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रांची में पिछले दिनों बारिश से उत्पन्न जलजमाव की स्थिति के लिए नगर निगम को दोषी ठहराया और कहा कि अगर ब्यूरोक्रेट्स का सहयोग मिले तो वे एक साल में रांची को इंदौर से बेहतर शहर बना देंगे। उन्होंने कहा कि रांची एक पहाड़ी शहर है और इसके बावजूद शहर का जलमग्न होना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की निष्क्रियता के कारण रांची के घर, दुकानें और सड़कों पर पानी भर गया। जिससे करोड़ों की संपत्ति बर्बाद हुई। इसके लिए उन्होंने नगर निगम चुनाव न होने को भी एक बड़ा कारण बताया। उनका कहना था कि अगर चुनाव होते, तो पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाते और जलजमाव जैसी स्थिति से निपटा जा सकता था।
अतिक्रमण बढ़ा रहा समस्या
उन्होंने कहा कि रांची में बड़े नालों पर अतिक्रमण और उनकी नियमित सफाई न होना भी समस्या को बढ़ा रहा है। जुडको पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के साथ करेंगे योग
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर पूरा देश 21 जून को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से लोग स्वस्थ जीवन जी रहे हैं और यह भारतीय संस्कृति का गौरव बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि वे खुद कांके के कुम्हारिया गांव में ग्रामीणों के साथ योग करेंगे, जिसमें 20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम और शासन-प्रशासन को रांची की वर्तमान स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए।
READ ALSO : Jharkhand Chaibasa News : झामुमो नेता रामा पांडेय जिला बदर, छह महीने तक प्रवेश पर रोक