चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के आरोपी को चक्रधरपुर पुलिस ने गुजरात के मोरबी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एक महिला के साथ दुष्कर्म और उसका गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगा था।
23 सितंबर को दर्ज हुई थी शिकायत
यह मामला 23 सितंबर 2025 का है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या-119/2025 दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट व बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विशेष टीम ने ढूंढ निकाला आरोपीको
कांड की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर और थाना प्रभारी चक्रधरपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और उसे गुजरात से दबोच लिया।
गुजरात से आरोपी को लेकर चक्रधरपुर पहुंची पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेबाय तैसुम को विधिवत रूप से चक्रधरपुर थाना लाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद है।

