रांची: झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने पार्टी मुख्यालय रांची में रश्मि प्रकाश को प्रदेश महिला अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया। इस अवसर पर राजद महासचिव एवं मीडिया प्रभारी कैलाश यादव भी मौजूद थे। संजय सिंह यादव ने रश्मि प्रकाश को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि वह एक सक्रिय और सक्षम नेता हैं। जिन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में चतरा विधानसभा से राजद के प्रत्याशी के रूप में अपनी उम्मीदवारी प्रस्तुत की थी।
इस चुनाव में उन्होंने लोजपा उम्मीदवार जनार्दन पासवान को कड़ी टक्कर दी, हालांकि वह कुछ कम वोटों से हार गईं। वहीं राजद महासचिव कैलाश यादव ने बताया कि रश्मि प्रकाश एक शिक्षित, कर्मठ और संघर्षशील नेता हैं। उन्होंने अपनी कार्यशैली और समर्पण से पार्टी के नेतृत्व को प्रभावित किया है। उनके पति सत्यानंद भोक्ता, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रहे हैं जो राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण नाम हैं।
प्रदेश महिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद रश्मि प्रकाश ने पार्टी के उद्देश्यों को और मजबूत करने का संकल्प लिया है। कैलाश यादव ने उम्मीद जताई कि रश्मि प्रकाश अपनी नेतृत्व क्षमता से झारखंड के 24 जिलों में पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगी। वे महिला अधिकारों और आधी आबादी के हक की लड़ाई को और प्रभावी तरीके से उठा सकेंगी।
साथ ही युवा वर्ग को राजद के धर्मनिरपेक्ष विचारधारा और सामाजिक न्याय की नीति से प्रेरित करेंगी। राजद के नेताओं ने रश्मि प्रकाश को बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। मंत्री संजय प्र यादव, विधायक सुरेश पासवान, नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और वरिष्ठ नेता गौतम सागर राणा समेत सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने रश्मि प्रकाश को शुभकामनाएं दीं। इस नियुक्ति से राजद ने राज्य की महिलाओं और युवाओं के बीच अपनी पकड़ को मजबूत करने के लिए एक नई दिशा की ओर कदम बढ़ाया है।