नई दिल्ली: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बयान पर राष्ट्रपति भवन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं की टिप्पणियों से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। ऐसी टिप्पणियां पूरी तरह से टालने योग्य और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
सोनिया गांधी की टिप्पणी पर विवाद
बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सोनिया गांधी ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि राष्ट्रपति अपने अभिभाषण के अंत में काफी थक चुकी थीं। उन्होंने इसे लेकर “पुअर लेडी” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से माफी की मांग की।
भाजपा ने उठाए गंभीर सवाल
भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की यह टिप्पणी उनकी अभिजात्यवादी, गरीब विरोधी और आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाती है, और उन्होंने कांग्रेस से बिना शर्त माफी की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने दिया जवाब
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भाजपा को जवाब देते हुए कहा कि पहले भाजपा को देश को बर्बाद करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा सांसद संबित पात्रा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी कांग्रेस के बयान की निंदा करते हुए सोनिया गांधी से माफी की मांग की। रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं, जो सशक्त और मजबूत हैं, और उन्होंने देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।