स्पोर्ट्स डेस्क : महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (MI) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को चार विकेट से हराया। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB को सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा, जबकि MI ने लगातार दूसरी जीत हासिल की।
WPL 2025 : RCB की खराब शुरुआत
अपने घर में खेलने उतरी गत विजेता टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। उन्हें पहला झटका स्मृति मंधाना के रूप में 29 रन के स्कोर पर लगा। शबनम इस्माइल ने उन्हें अपना शिकार बनाया। इसके बाद नैट सिवर ब्रंटर ने डैनी व्यॉट हॉज को पवेलियन भेजा, जो नौ रन बना सकीं।
WPL 2025 : एलिस पेरी की तूफानी पारी
इस मुकाबले में एलिस पेरी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 43 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान दाएं हाथ की बल्लेबाज ने 11 चौके और दो गगनचुंबी छक्के लगाए। उनके अलावा ऋचा घोष ने 28 रन बनाए जबकि राघवी बिष्ट (1), कनिका आहुजा (3) और जॉर्जिया वेयरहैम (6) का बल्ला खामोश रहा। किम गार्थ और एकता बिष्ट क्रमश: आठ और दो रन बनाकर नाबाद रहीं। MI के लिए अमनतोज कौर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि शबनम, सिवर ब्रंट, हेली मैथ्यूज और संस्कृति गुप्ता को एक-एक सफलता मिली।
WPL 2025 : बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB पहले स्थान पर
MI की जीत के बाद अब उनके 3 मैचों में 4 प्वॉइंट्स हो गए हैं, जबकि RCBके भी 3 मैचों में 4 प्वॉइंट्स हैं। हालांकि, RCB का नेट रन रेट बेहतर होने के कारण वे टॉप पर बने हुए हैं। मुंबई इंडियंस अब 3 मैचों में 4 प्वॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। RCB की हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
दिल्ली के 3 मैचों में 4 प्वॉइंट्स हैं, लेकिन उनका रन रेट RCB और मुंबई से कमजोर है। इस तरह टॉप-3 टीमों के प्वॉइंट्स बराबर हैं, लेकिन नेट रन रेट ने उन्हें क्रमवार स्थान दिलाए हैं। चौथे नंबर पर गुजरात जॉयंट्स है, जिनके पास 3 मैचों में 2 प्वॉइंट्स हैं। गुजरात ने RCB और मुंबई से हार का सामना किया, लेकिन यूपी वॉरियर्ज के खिलाफ जीत हासिल की। यूपी वॉरियर्ज अब तक 3 मैचों में हार चुकी है और प्वॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर है।