स्पोर्ट्स डेस्क, मुंबई. आईपीएल 2024 के 62वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से मात दी। इस जीत के साथ आरसीबी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। वहीं, दिल्ली के लिए मुश्किलें पैदा हो गई हैं। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को 188 रन का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही।
आरसीबी ने बनाए 187 रन (RCB vs DC)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए। बेंगलुरु की ओर से रजत पाटीदार ने सर्वाधिक 52 रन बनाए। दिल्ली के लिए खलील अहमद और राशिख ने 2-2 विकेट लिए। बेंगलुरु की टीम बिना बदलाव के उतरी है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआती अच्छी नहीं रही। टीम ने तीसरे ओवर में कप्तान फाफ डुप्लेसी का विकेट गंवाया। वह 7 गेंद में 6 रन ही बना सके। विराट कोहली 13 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। रजत पाटीदार ने जारी सीजन का पांचवां अर्धशतक लगाया। वह 52 रन पर आउट हुए। विल जैक्स ने 41 रन बनाए। लोमरोर 13, कार्तिक और स्वपनिल खाता नहीं खोल सके। कर्ण 4 और सिराज आखिरी गेंद पर रन आउट हुए।
7वें पायदान से पांचवें नंबर पर
यह मुकाबला दिल्ली और बेंगलुरु दोनों के लिए ही करो या मरो जंग थी। इसमें आरसीबी ने बाजी मारी। इसके साथ ही बेंगलुरु टीम की अब 13 मैचों में 6 जीत हो गई हैं। साथ ही वो 12 अंक के साथ 7वें पायदान से पांचवें नंबर पर पहुंच गई। जबकि दिल्ली ने भी 13 में से 6 ही मैच जीते हैं।
इसी के साथ दिल्ली कैपिटल्स अब पॉइंट्स टेबल में 5वें नंबर से फिसलकर छठे पायदान पर पहुंच गई है। अब दोनों टीमों का ग्रुप स्टेज में 1-1 मैच बाकी हैं। यदि प्लेऑफ के लिए दावेदारी मजबूत करनी है, तो दोनों टीमों को आखिरी मुकाबला बड़े अंतर से जीतना होगा।
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
दिल्ली कैपिटल्स के लिए कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया। टीम के लिए कप्तान अक्षर पटेल ने जरूर अर्धशतक लगाया। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। उन्होंने 57 रन बनाए। उनके अलावा शाई होप ने 29 रन, जैक फ्रेजर ने 21 रनों का योगदान दिया। अभिषेक पोरेल, डेविड वॉर्नर, ट्रिस्टन स्टब्स, कुमार कुशाग्र जैसे प्लेयर तो दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाए।