जमशेदपुर : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा शहर के सबसे ऊंचे और बड़े राष्ट्रीय तिरंगे झंडे का भव्य ध्वजारोहण किया गया। यह कार्यक्रम पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। ध्वजारोहण का कार्य मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंगल द्वारा इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर किया गया। इस अवसर पर स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार और सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सिविल डिफेंस जवानों द्वारा किया गया झंडा परेड मार्च था, जिसका नेतृत्व शंकर प्रसाद ने किया।
परेड के बाद गाया गया सामूहिक गान
परेड के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाया गया और सिविल डिफेंस तथा आरपीएफ के सशस्त्र बल के जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंगल ने अपने भाषण में सभी नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कार्यस्थल पर ईमानदारी और कर्तव्य परायणता के साथ काम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
तीन विशिष्ट व्यक्तियों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर सिविल डिफेंस टीम ने समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले तीन विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। समाजसेवी प्रवीण सेठी ने “अंत्योदय एक अभियान” के तहत अब तक 400 से अधिक ऐसे मृत व्यक्तियों का अंतिम संस्कार किया, जिनके परिजन मौजूद नहीं थे। उनके इस निःस्वार्थ सेवा कार्य के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंगल ने उन्हें मोमेंटो और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने भी उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनके काम की सराहना की। रेल सुरक्षा बल के सब इंस्पेक्टर प्रताप कुमार महतो को उनके कार्यक्षेत्र में कर्मचारियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने उन्हें मोमेंटो और प्रशंसा पत्र प्रदान किया। विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने और सक्रिय योगदान देने के लिए आरपीएफ जवान संजय कुमार को क्षेत्रीय प्रबंधक ने मोमेंटो और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
आसमान में उड़ाया गया तिरंगा बैलून
कार्यक्रम के समापन पर सिविल डिफेंस टीम और उपस्थित अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता और गर्व का प्रतीक तिरंगा बैलून आकाश में उड़ाया। पूरे कार्यक्रम का संचालन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने दिया। कार्यक्रम के आयोजन में रोटरी क्लब दलमा का सहयोग सराहनीय रहा, जिसके लिए सिविल डिफेंस टीम ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
ध्वजारोहण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंगल, स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के साथ आरपीएफ और सिविल डिफेंस के जवान, स्टेशन क्षेत्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम सिविल डिफेंस टीम के समर्पित प्रयासों और अनुशासन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।